असदुद्दीन ओवैसी ने कहा- हिमंत बिस्वा के दिमाग में ट्यूबलाइट है, संविधान की समझ नहीं, भारत सभी समुदाय का देश...

ओवैसी ने कहा कि भारत का संविधान बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने बनाया था, जो हिमंत बिस्वा से कहीं अधिक शिक्षित और दूरदर्शी थे। यही संविधान इस देश को सभी धर्मों, विचारों और विश्वासों के लोगों का घर बनाता है।;

Update: 2026-01-11 09:30 GMT

नागपुर। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के हालिया बयान को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने नागपुर में आज यानी रविवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए हिमंत बिस्वा पर तीखा निशाना साधा है। असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि असम के सीएम हिमंत बिस्वा शर्मा के दिमाग में ट्यूबलाइट है। उन्होंने कहा कि उनको संविधान की समझ नहीं है।

आत्मा और मूल विचारधारा को समझने में पूरी तरह विफल 

ओवैसी ने कहा कि हिमंत बिस्वा शर्मा ने भारत के संविधान की शपथ जरूर ली है, लेकिन वो उसकी आत्मा और मूल विचारधारा को समझने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सीएम के दिमाग में ट्यूबलाइट जली हुई है, इसलिए वे इस तरह की बयानबाजी करते हैं।

भारत का संविधान हर नागरिक को देता है समान अवसर

AIMIM प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय संविधान में कहीं भी यह नहीं लिखा है कि भारत सिर्फ किसी एक समुदाय का देश है। उन्होंने पाकिस्तान के संविधान से तुलना करते हुए कहा कि वहां राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री केवल एक विशेष समुदाय से हो सकते हैं, लेकिन भारत का संविधान हर नागरिक को समान अवसर देता है।

बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर दूरदर्शी थे

ओवैसी ने कहा कि भारत का संविधान बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने बनाया था, जो हिमंत बिस्वा से कहीं अधिक शिक्षित और दूरदर्शी थे। यही संविधान इस देश को सभी धर्मों, विचारों और विश्वासों के लोगों का घर बनाता है।

बहुलतावाद भारत की सबसे बड़ी ताकत

ओवैसी ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका बहुलतावाद है। यह देश न केवल आस्था रखने वालों का है, बल्कि उन लोगों का भी है जो ईश्वर में विश्वास नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे कुछ लोग जानबूझकर संविधान की मूल भावना को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी सोच देश को जोड़ने के बजाय बांटने का काम करती है।


Tags:    

Similar News