पटना। पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया है। कोर्ट प्रशासन और जिला बार एसोसिएशन को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि जज के चैंबर और वॉशरूम में 4 RDX रखे गए हैं और उन्हें रिमोट से उड़ा दिया जाएगा। धमकी मिलते ही कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया है। पीरबहोर थाने की पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।
कोर्ट को बंद कर दिया गया
बता दें कि सुरक्षा कारणों से फिलहाल कोर्ट को बंद कर दिया गया है और कैदियों व गवाहों को वापस भेज दिया गया है। यह पिछले एक महीने में तीसरी बार है जब कोर्ट को इस तरह की धमकी मिली है। इससे पहले 8 जनवरी और 28 जनवरी को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे, जो बाद में अफवाह (hoax) निकले थे। इस घटना के बाद बिहार के अन्य महत्वपूर्ण कोर्ट परिसरों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।