पीएम मोदी के इस्राइल दौरे पर देश में सियासत शुरू! कांग्रेस ने किया तीखा प्रहार, जयराम रमेश बोले-नैतिक कायरता दिखा रहे हैं...

प्रियंका गांधी ने कहा- मुझे उम्मीद है कि पीएम मोदी गाजा में मारे गए हजारों बेगुनाह लोगों के नरसंहार का जिक्र करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे।

Update: 2026-02-25 05:48 GMT

नई दिल्ली। पीएम मोदी आज इस्राइल दौरे पर रवाना हुए हैं। पीएम के इस दौरे को लेकर देश में सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तीखा हमला किया है। उन्होंने इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी ऐसे समय में नैतिक कायरता दिखा रहे हैं, जब पूरी दुनिया उनके प्यारे दोस्त की आलोचना कर रही है। साथ ही रमेश ने फिलिस्तीन के समर्थन में पुरानी सरकारों के कदमों को याद किया।

मोदी नैतिक रूप से कायरता दिखा रहे होंगे

दरअसल, उन्होंने बताया कि 20 मई 1960 को जवाहरलाल नेहरू गाजा गए थे और वहां संयुक्त राष्ट्र की भारतीय टुकड़ी से मिले थे। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भारत ने 29 नवंबर 1981 को फिलिस्तीन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए एक यादगार डाक टिकट जारी किया था। इसके बाद 18 नवंबर 1988 को भारत ने फिलिस्तीन को औपचारिक रूप से एक देश के तौर पर मान्यता दी थी। रमेश ने लिखा कि वह एक अलग दौर था। अब भारतीय प्रधानमंत्री खुले आम इस्राइल के प्रधानमंत्री को गले लगा रहे हैं। नेतन्याहू ने गाजा को मलबे और धूल में बदल दिया है और वे अवैध बस्तियों को बढ़ाने की साजिश कर रहे हैं। जब पूरी दुनिया नेतन्याहू की बुराई कर रही है, तो मोदी नैतिक रूप से कायरता दिखा रहे होंगे।

भारत हमेशा सच्चाई और शांति के लिए खड़ा रहा है

हालांकि इससे पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पीएम मोदी से एक अपील की। उन्होंने कहा कि जब पीएम इस्राइल की संसद (नेसेट) में बोलें तो वे गाजा संघर्ष पर भी बात करें। प्रियंका ने लिखा कि मुझे उम्मीद है कि पीएम मोदी गाजा में मारे गए हजारों बेगुनाह लोगों के नरसंहार का जिक्र करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे। भारत हमेशा सच्चाई और शांति के लिए खड़ा रहा है।

मोदी का इस्राइल का दूसरा दौरा

बता दें कि पीएम मोदी 25 और 26 फरवरी को इस्राइल के राजकीय दौरे पर रहेंगे। यह दौरा इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के बुलावे पर हो रहा है। यह मोदी का इस्राइल का दूसरा दौरा है। इससे पहले 2017 में वे वहां जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे।

Tags:    

Similar News