दिल्ली में गरीबों के घर अब होली-दिवाली पर जलेगी फ्री में गैस!
रेखा सरकार ने किया बड़ा ऐलान, जानें किन परिवारों को मिलेगा लाभ
नई दिल्ली। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्लीवासियों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। दिल्ली में रेखा गुप्ता सरकार के 1 साल पूरे होने पर दिल्ली सरकार गरीबों को सौगात देने जा रही है। बीजेपी सरकार इस साल होली और दिवाली पर गरीबों को मुफ्त गैस सिलेंडर देगी। कैबिनेट मीटिंग में इसको लेकर फैसला लिया गया है।
दिल्ली के परिवारों को बधाई
बता दें कि बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणापत्र में ये ऐलान किया था कि अगर उनकी सरकार दिल्ली में बनती है तो गरीबों को होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा। इसको लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के परिवारों को बधाई, एक वादा आज पूरा कर रहे हैं। होली और दिवाली मे मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा। इसको लेकर 242 करोड़ का फंड कैबिनेट में पास कर दिया गया है।
पात्र लोगों को दिए जाएंगे 853 रुपये
सीएम गुप्ता ने कहा कि राशन कार्ड होल्डर्स को सिलेंडर का पैसा यानि 853 रूपये ट्रांसफर किए जाएंगे। साथ ही पाइपलाइन इस्तेमाल करने वालो को भी 853 रुपये भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि फ्री सिलेंडर के साथ- साथ इसी तरह सब वादे पुरे किये जाएंगे। सीएम ने कहा कि इसी होली पर ये दिया जाएगा।
इतने राशनकार्डधारकों को मिलेगा लाभ
सीएम ने बताया कि इसी होली पर ये फ्री सिलेंडर दिया जाएगा, इसको लेकर दिल्ली सरकार ने कैबिनेट से 242 करोड़ रुपये सेंक्शन कर दिए हैं। दिल्ली सरकार लाभार्थियों के खाते में 853 रूपए डायरेक्ट ट्रांसफर करेगी। दिल्ली के तकरीबन 17.5 लाख राशनकार्डधारी को इस योजना का लाभ मिलेगा। दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में रसोई गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
जरूरतों को पूरा करने में मददगार
ऐसे में त्योहारों के समय मुफ्त गैस सिलेंडर या उसकी राशि मिलना आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। खासकर वे परिवार, जिनकी आय सीमित है, उनके लिए यह सहायता रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मददगार होगी।
दिल्ली सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि कोई भी परिवार त्योहारों पर रसोई गैस की कमी के कारण परेशानी में न पड़े। सरकार आगे भी इसी तरह जनहित से जुड़े फैसले लेती रहेगी और गरीब, महिला, बुजुर्ग व जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं लाती रहेगी।