प्रियंका गांधी ने पटना में महिलाओं से किया संवाद, 'हर घर अधिकार यात्रा' को संबोधित करते हुए यह कहा...
प्रियंका गांधी ने सभा में अपने संबोधन में भोजपुरी अंदाज में सवाल पूछा का हाल बा।;
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस ने बिहार की राजनीति में पूरी तरह से पैर जमाने की कोशिश की है। इसी सिलसिले में कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा आज मोतिहारी पहुंचीं। जहां उन्होंने हर घर अधिकार यात्रा के अंतर्गत पहली बार बिहार में जनसभा की है। प्रियंका गांधी ने सभा में अपने संबोधन में भोजपुरी अंदाज में सवाल पूछा का हाल बा। उन्होंने कहा कि अब बदलाव का वक्त आ गया है।
बदलाव लाएं सम्मान पाएं
प्रियंका गांधी ने बिहार में सीधे तौर पर जनता से पहली बार संवाद किया है। बता दें कि इससे पहले वह अगस्त में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में भी शामिल हुई थीं। लेकिन आज का कार्यक्रम कांग्रेस के लिए अहम रहा।
पटना में महिलाओं से किया संवाद
मोतिहारी की सभा से पहले प्रियंका गांधी ने पटना में महिलाओं से संवाद किया। करीब एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं को अपनी राजनीतिक और सामाजिक ताकत पहचानने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सरकार और पार्टियां आपको पैसे देकर वोट खरीदने की कोशिश करती हैं। क्योंकि उनको पता है कि आपके समर्थन के बिना सत्ता की कुर्सी पाना असंभव है। उन्होंने आगे कहा कि आप अपनी शक्ति को पहचानिए, अपने सम्मान को पहचानिए। सरकारें बदलने का असली हक आपलोग के हाथों में है।
बेरोजगारी और गरीबी पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी ने बेरोजगारी और गरीबी के उपर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार से सबसे अधिक लोग पलायन करते हैं। यहां रोजगार के साधन न होने की वजह से लोगों को दूसरे राज्यों में मजदूरी करनी पड़ती है और घर की जिम्मेदारी महिलाओं पर आ जाती है।