आज से यूपी विधानसभा बजट सत्र की शुरुआत, विपक्ष सरकार से पूछेगा कई तीखे सवाल
पूर्व एवं वर्तमान दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी।
लखनऊ। आज यूपी विधानसभा बजट सत्र की शुरुआत होने जा रही है। विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष सरकार से कई तीखे सवाल पूछने जा रहा है। संभावना है कि बजट सत्र के दौरान भारी हंगामा हो सकता है। विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए भी सरकार ने तैयारी की है। बजट सत्र को लेकर विधानभवन की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त भी किए गए हैं।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी
बजट सत्र का पहला दिन ही हंगामे की भेंट चढ़ सकता है। सत्ता और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी तैयारी कर ली हैं। विधानमंडल का बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी। पहले सत्र की शुरुआत राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' से होगी। इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा अभिभाषण पढ़कर सुनाया जाएगा, जिसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी शामिल होगी। बजट सत्र की शुरुआत से पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई, जिसमें सभी दलों ने सदन को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
इन मुद्दों पर विपक्ष सरकार से जवाब करेगा
इस दौरान विपक्ष मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर), कोडीन कफ सिरप की तस्करी, विदेश नीति, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरेगा। खासकर समाजवादी पार्टी के सदस्य अभिभाषण के दौरान इन मुद्दों को लेकर हंगामा कर सकते हैं। मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही पूर्व एवं वर्तमान दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी। बुधवार को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी।