बिहार विधानसभा चुनाव के तारीखों का आज होगा ऐलान! आयोग ने किए अहम बदलाव, जानें कितने चरणों में हो सकता है चुनाव
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों को लेकर अब इंतजार खत्म होने वाला है। दरअसल, इलेक्शन कमीशन आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। वहीं इस दौरान इलेक्शन की तारीखों की आधिकारिक घोषणा के साथ-साथ यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि चुनाव कितने चरण में खत्म होगा। हालांकि कयास लगाया जा रहा है कि बिहार में दो चरणों में मतदान पूरा हो सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट कर दिया था कि आगामी चुनाव 22 नवंबर से पहले खत्म संपन्न हो जाएगा।
विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा
बता दें कि बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है। मीडिया अनुसार राजनीतिक दलों ने निर्वाचन आयोग से अक्टूबर के अंत में छठ पर्व के तुरंत बाद चुनाव कराने का आग्रह किया है, जिससे ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। त्योहार की वजह से बड़ी संख्या में बाहर काम करने वाले लोग घर लौटते हैं। वहीं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। वहीं इससे पहले आयोग ने 4 और 5 अक्टूबर को बिहार का दौरा किया था। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने राजनीतिक दलों, अधिकारियों और पुलिस विभाग से संपर्क किया था। इस दौरान कानून व्यवस्था और मतदान केंद्रों की व्यवस्था को लेकर बातचीत हुई थी।
आयोग ने किए कई बदलाव
चुनाव आयोग ने बिहार इलेक्शन से ठीक पहले कई बदलाव भी किए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 5 अक्टूबर को बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में एक मतदान केंद्र में 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में कुल 90 हजार बूथ रहेंगे। इस बार किसी भी बूथ पर 1,200 से ज्यादा वोटरों का नाम नहीं रहेगा। आम तौर पर 1,500 या उससे अधिक मतदाता होने पर लंबी लाइन लग जाती थी। अब इसे रोका जा सकता है।