निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की इस सीट पर उपचुनाव की तारीख का किया ऐलान, जानें कब होगा मतदान और मतगणना
पटना। निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया अप्रैल से शुरू होकर मई के मध्य तक पूर्ण कर ली जाएगी। यह सीट पूर्व विधान परिषद सदस्य राधाचरण सेठ के त्यागपत्र के उपरांत 16 नवंबर 2025 को खाली हुई थी।
अधिसूचना के साथ शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
आयोग के अनुसार उपचुनाव के लिए 16 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। उम्मीदवारों के लिए नामांकन करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल निर्धारित की गई है। इसके उपरांत 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 27 अप्रैल है। इस सीट के लिए मतदान 12 मई 2026 को कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत 14 मई 2026 को मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 15 मई तक हर हाल में संपन्न कर ली जाएगी।
दो वर्ष के लिए ही होगा कार्यकाल
इस उपचुनाव में निर्वाचित होने वाले उम्मीदवार का कार्यकाल सीमित होगा। आयोग के अनुसार विजेता सदस्य सात अप्रैल 2028 तक विधान परिषद का सदस्य रहेगा, क्योंकि यह सीट पूर्व सदस्य के शेष कार्यकाल के लिए ही भरी जा रही है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। आयोग ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे आचार संहिता का सख्ती से पालन करें, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
विधायक बनने के बाद राधाचरण सेठ ने दिया था इस्तीफा
गौरतलब है कि राधाचरण सेठ ने नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में संदेश विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। विधायक बनने के बाद उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था, जिसके कारण यह सीट खाली हो गई थी। वे जुलाई 2015 से नवंबर तक विधान परिषद के सदस्य रहे थे और क्षेत्रीय राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।