चैती छठपर्व का आज तीसरा दिन, अस्तालचगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य, जानें पटना के घाटों पर क्या है तैयारी...
गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया है
पटना। चार दिनों तक चलने वाला चैती छठ महापर्व का आज तीसरा दिन है। बीते कल में खरना मनाया गया। कल शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया है। पटना के कई घाटों को साफ किया गया है। जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से पटना की सड़कों को साफ किया गया। वहीं पटना के गलियों में स्व. शारदा सिन्हा के छठ गीत बजाए जा रहे हैं। आज चैत्र शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि है। इस दिन भक्त कमर तक पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। वहीं, इसके बाद कल यानी बुधवार सुबह 5:49 बजे उगते सूरज को अर्घ्य दिया जाएगा, उसके बाद पारण किया जाएगा।
सुरक्षा की सारी तैयारी पूरी हो गई
पटना के सभी घाट सजधज कर तैयार हो गए है। पाटलिपुत्र अंचल में पांच, नूतन राजधानी अंचल में नौ, बांकीपुर अंचल में 14, अजीमाबाद अंचल में नौ और पटना सिटी अंचल में 12 घाट बनाए गए हैं। सभी घाटों पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर गंदगी फैलाने पर रोक लगाई गई है। सीसीटीवी के जरिए इनकी निगरानी की जा रही है।
पटना एसएसपी ने जानकारी दी
पटना एसएसपी ने कहा कि पटना में छठ घाट पर सुरक्षा की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी जगहों पर पुलिस बल की तैनाती कर ली गई है। गश्ती गाड़ी को भी लगातार पेट्रोलिंग का निर्देश दिया गया है। इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।
कारगिल चौक से दीदारगंज तक आवागमन बाधित
चैती छठ को लेकर पटना जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। इधर, चैती छठ को लेकर अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से दीदारगंज तक चार पहिया आम वाहन नहीं चलेंगे। जेपी गंगा पथ और अटल पथ पर भी वाहनों के परिचालन पर रोक लगी है। पर्व को लेकर 24 और 25 मार्च को कुछ मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। जानकारी के अनुसार, 60 जगहों पर 125 यातायात पुलिस पदाधिकारी और कर्मी के अलावा 350 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।