यूएस में 50 साल बाद बनेगी पहली ऑयल रिफाइनरी...ट्रंप का ऐलान! भारत और रिलायंस का जताया आभार
ट्रंप ने बताया यह प्रोजेक्ट करीब 300 बिलियन डॉलर के बड़े सौदे का हिस्सा है। इस डील का मकसद अमेरिका में ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका को ऊर्जा के क्षेत्र में सुपरपावर बनाने की दिशा में नई पहल की है। दरअसल ट्रंप ने ऐलान किया है कि टेक्सास के ब्राउनविले में एक विशाल तेल रिफाइनरी बनाई जाएगी। यह पिछले 50 सालों में अमेरिका में बनने वाली पहली नई रिफाइनरी होगी। इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए ट्रंप ने भारत और रिलायंस इंडस्ट्रीज के सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद कहा है।
300 बिलियन डॉलर के निवेश का ऐलान
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस प्रोजेक्ट की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया यह प्रोजेक्ट करीब 300 बिलियन डॉलर यानी लगभग 25 लाख करोड़ रुपये के बड़े सौदे का हिस्सा है। इस डील का मकसद अमेरिका में ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है। इस रिफाइनरी के बनने से टेक्सास और पूरे अमेरिका में हजारों नई नौकरियों के अवसर पैदा होंगे।
रिलायंस और भारत करेगा सहयोग
ट्रंप ने अपने पोस्ट में विशेष रूप से भारत और रिलायंस का जिक्र किया। रिलायंस इंडस्ट्रीज जो दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स का संचालन करती है, इस प्रोजेक्ट में अहम भूमिका निभाने की संभावना है। हालांकि अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि क्या यह रिफाइनरी भारत के साथ हुए किसी बड़े द्विपक्षीय समझौते का हिस्सा है अथवा रिलायंस इसमें मुख्य निवेशक के रूप में शामिल है।
गौरतलब है कि यदि रिलायंस और भारत इस प्रोजेक्ट में सीधे तौर पर शामिल होते हैं, तो इससे भारत-अमेरिका के रणनीतिक संबंधों को एक नया आयाम मिलेगा।