Uttrakhand: चंबा में पहाड़ से गिरे पत्थर ने दंपति की जान ले ली, फरवरी में हुई थी शादी
पत्नी का शव मलबे से निकला, पति की तलाश जारी;
चंबा। उत्तराखंड के चंबा इलाके में पहाड़ से गिरे पत्थर ने नव विवाहित दंपति की जान ले ली। पहाड़ से गिरा पत्थर घर पर आकर गिरा था। दोनों की फरवरी में शादी हुई थी। स्थानीय पुलिस ने मलबे में दबी महिला के शव को बाहर निकाला। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला का पति अभी तक बाहर नहीं निकल पाया है। मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल बन गया है।
भारी बारिश ने कहर बरपाया
यह घटना हिमाचल के चंबा जिला के विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत चड़ी के सूताह गांव में रविवार रात हुई है। यहां भारी बारिश ने कहर बरपाया है। बारिश के चलते हुए भूस्खलन और चट्टानों के गिरने से एक मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया, जिसमें नवविवाहित पति-पत्नी दब गए। महिला का नाम पल्लवी है वहीं, उसका पति राहुल है। ग्रामीणों और प्रशासन की टीम द्वारा रेस्क्यू कार्य जारी है।
पति के साथ अपने मायके आई हुई थी
इन दोनों की शादी इसी वर्ष फरवरी माह में चंबा के कियानी गांव में हुई थी। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब नवविवाहिता अपने पति के साथ अपने मायके आई हुई थी। मकान इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ कि वह पूरी तरह जमींदोज हो गया। हादसे के समय पति-पत्नी परिवार के अन्य सदस्यों से अलग, पास में ही एक नए मकान में सोए हुए थे। घटनास्थल पर पहुंची प्रशासनिक टीम हालात का जायजा ले रही है। चट्टानों के भारी होने और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है, लेकिन प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाने का प्रयास तेजी से जारी है।