आईपीएल के आगाज से पहले कानूनी मुसीबत में फंसी धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स! कोर्ट में केस हुआ दर्ज, जानें पूरा मामला
काव्या मारन के पिताजी की कंपनी सन टीवी नेटवर्क ने आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कोर्ट में केस कर दिया है।
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का आगाज होने जा रहा है। ऐसे में उससे पहले ही धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स कानूनी पचड़ों में पड़ गई है। अब काव्या मारन के पिताजी की कंपनी सन टीवी नेटवर्क ने आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कोर्ट में केस कर दिया है। उनका आरोप है कि टीम ने रजनीकांत की फिल्मों के गानों और संवादों के अवैध इस्तेमाल किए है।
क्या लगे है आरोप?
जानकारी के मुताबिक ‘जेलर’, ‘जेलर 2’ और ‘कुली’ के निर्माताओं सन टीवी नेटवर्क लिमिटेड ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) क्रिकेट टीम पर मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि प्रमोशनल वीडियो में फिल्मों के ऑडियो ट्रैक, बैकग्राउंड म्यूजिक और डायलॉग का अनधिकृत उपयोग किया गया है। सीएसके की नई जर्सी का प्रचार करने वाला यह वीडियो, मुकदमा दायर होने से पहले सीएसके के सोशल मीडिया चैनलों पर जारी किया गया था।
व्यावसायिक लाभ का आरोप
याचिका में कहा गया कि सीएसके ने इन लोकप्रिय गानों (जैसे 'हुकूम') का उपयोग अपनी ₹2,399 मूल्य वाली जर्सी और अन्य मर्चेंडाइज बेचने के लिए किया, जिससे उन्हें अनुचित व्यावसायिक लाभ हुआ।
सीएसके ने हटाया विवादास्पद वीडियो
बता दें कि कानूनी नोटिस मिलने और कोर्ट में मामला पहुंचने के बाद, सीएसके ने विवादास्पद वीडियो को अपने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। साथ ही कोर्ट को आश्वासन दिया है कि वे भविष्य में बिना उचित लाइसेंस या अनुमति के इन फिल्मों के संगीत का उपयोग नहीं करेंगे।
कोर्ट बताएगा प्रतिबंध या जुर्माना उचित है या नहीं
जानकारी के मुताबिक अदालत ने सन टीवी नेटवर्क के दावों और सीएसके द्वारा कानूनी नोटिस पर दी गई तत्काल प्रतिक्रिया पर ध्यान दिया है। मद्रास उच्च न्यायालय इस मामले में दलीलें सुनना जारी रखेगा क्योंकि वह यह निर्धारित करेगा कि इन गीतों और डायलॉग्स के उपयोग के लिए कोई और प्रतिबंध या जुर्माना उचित है या नहीं।