IPL 2026: शेड्यूल को दो हिस्सों में बांटा, 20 मैचों का हुआ ऐलान! बाकी मैच की क्यों नहीं हुई घोषणा, राजीव शुक्ला ने बताई वजह

राजीव शुक्ला ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों के एलान के बाद बाकी मैचों के शेड्यूल का ऐलान होगा।

Update: 2026-03-12 13:30 GMT

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी हो गया है। हालांकि इसमें सभी मैच के शेड्यूल का ऐलान नहीं किया गया है। वहीं अब इस पर BCCI के उपाध्यक्ष और कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने साफ कर दिया है कि आईपीएल 2026 अपने तय समय पर ही होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव की वजह से शेड्यूल को दो हिस्सों में बांटा गया है।

बाकी मैचों के शेड्यूल का रहेगा इंतजार

बीसीसीआई ने शुरुआती 20 मैचों के शेड्यूल का ऐलान 11 मार्च को कर दिया है, जो 28 मार्च से 12 अप्रैल 2026 तक मैच खेले जाएंगे। बाकी मैचों के शेड्यूल का इंतजार रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों के एलान के बाद बाकी मैचों के शेड्यूल का ऐलान होगा।

बीसीसीआई अपना रहा 'वेट एंड वॉच' नीती

दरअसल, भारत के तीन प्रमुख राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था और लॉजिस्टिक्स को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई 'वेट एंड वॉच'की नीती को अपना रहा है। आईपीएल 2026 का पहला चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल 2026 तक चलेगा। सीजन का पहला 'डबल-हेडर' 4 अप्रैल को खेला जाएगा, जिसमें दोपहर के मैच में दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा, जबकि शाम को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की भिड़ंत होगी। इस बार कई टीमें अपने घरेलू मैच दो अलग-अलग शहरों में खेलेंग।

कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति की मंजूरी अनिवार्य है

अपने घरेलू अभियान की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी। बाद में वे जयपुर में खेलेंगे। वहीं पंजाब किंग्स अपने शुरुआती मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में और बाकी मैच धर्मशाला में खेलेगी। आरसीबी की टीम बेंगलुरु में 5 मैच खेलने के अलावा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 2 मैच खेलेगी। हालांकि, बेंगलुरु के मैचों के लिए कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति की मंजूरी अनिवार्य है, जो 13 मार्च को स्टेडियम का निरीक्षण करेगी।

खिलाड़ियों पर अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर दबाव बढ़ा

बता दें कि उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने ये भी संकेत दिया कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर दबाव बढ़ा है। हाल ही में भारत में हुए टी20 वर्ल्ड कप के बाद वेस्टइंडीज की टीम की वापसी में भी उड़ानों के रद होने के कारण देरी हुई थी। बीसीसीआई इन परिस्थितियों पर भी पैनी नजर रख रखे हुए है।

Tags:    

Similar News