टी20 वर्ल्ड कप के बाद ICC ने जारी की टी-20 रैंकिंग! भारतीय खिलाड़ियों का दिखा दबदबा
ताजा रैंकिंग में अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए है। उनके खाते में 874 रेटिंग पॉइंट्स हैं
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने तीसरी बार टाइटल जीतकर इतिहास रच दिया। ऐसे में ICC ने टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग जारी कर दी है। बता दें कि इस ताजा रैंकिंग में कई खिलाड़ियों की जगह में बदलाव हुए है। सबसे खास बात यह है कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा नजर आ रहा है।
नंबर-1 बल्लेबाज
ताजा रैंकिंग में अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए है। उनके खाते में 874 रेटिंग पॉइंट्स हैं और शानदार फॉर्म की बदौलत उन्होंने दुनिया के कई बड़े बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। दूसरे स्थान पर साहिबजादा फरहान हैं, जिनके 848 रेटिंग पॉइंट्स हैं। वहीं इंग्लैंड के फिस सॉल्ट 803 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद हैं। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन चौथे स्थान पर है। उनके 783 रेटिंग पॉइंट्स हैं। इसके अलावा श्रीलंका के पथुम निसांका पांचवें नंबर पर हैं।
तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने भी बनाई जगह
टॉप-10 में भारत के और भी खिलाड़ी शामिल हैं। तिलक वर्मा छठे और सूर्यकुमार यादव सातवें स्थान पर मौजूद हैं। वहीं साउथ अफ्रीका के डिवॉल्ड ब्रेविस 8वें नंबर पर हैं। इंग्लैंड के जोस बटलर नौवें और न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट 10वें स्थान पर हैं।
नंबर-1 गेंदबाज
गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती 771 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया के नंबर 1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं। दूसरे स्थान पर अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान हैं, जिनके 753 पॉइंट्स हैं। पाकिस्तान के अबरार अहमद तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं साउथ अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश चौथे, इंग्लैंड के अनुभवी स्पिनर आदिल राशिद पांचवें और ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा छठे स्थान पर हैं। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी टॉप-10 में शामिल हैं और वह सातवें स्थान पर काबिज हैं।
ऑलराउंडर रैंकिंग में कौन रहा टॉप
ऑलराउंडर रैंकिंग में जिम्बाब्वे के स्टार खिलाड़ी सिकंदर रजा पहले स्थान पर हैं और उनके 328 रेटिंग पॉइंट्स हैं। भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या 284 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। पाकिस्तान के युवा खिलाड़ी साइम अयूब तीसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा भारत के शिवम दुबे नौवें नंबर पर हैं।