नई दिल्ली। नई दिल्ली में आयोजित 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026'के एक्सपो को भारी जन-उत्साह को देखते हुए एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। बता दें कि एक्सपो अब अपनी निर्धारित अंतिम तिथि (20 फरवरी) के बजाय शनिवार, 21 फरवरी 2026 तक खुला रहेगा।
क्यों बढ़ाई अवधि
यह निर्णय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालयके सचिव एस. कृष्णन ने प्रदर्शकों और दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए लिया है। यहां उमड़ रही भीड़ ने इस बार पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. लोगों का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
समय में भी बदलाव
आगंतुकों की सुविधा के लिए एक्सपो का समय भी बढ़ाकर रात 8:00 बजे तक कर दिया गया है।
गुरुवार को पब्लिक की एंट्री बंद, जानें क्या है वजह
अगर आप कल यानी गुरुवार (19 फरवरी) को एक्सपो देखने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। आईटी सचिव ने साफ किया है कि गुरुवार को भारत मंडपम में आम लोगों का आना पूरी तरह से बंद रहेगा। क्योंकि यहां इस दिन दुनिया भर के कई वीआईपी और दिग्गज हस्तियां शिरकत करेंगी। सुरक्षा कारणों और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।