बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने इस मुद्दे पर की जमकर नारेबाजी! सीएम नीतीश ने यह बोलकर विपक्ष पर कसा तंज

Update: 2026-02-24 06:25 GMT

पटना। बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। विपक्ष ने दफादार और चौकीदार संघ के सदस्यों की पिटाई के मुद्दे पर सरकार से सवाल पूछा। राष्ट्रीय जनता दल के विधायक कुमार सर्वजीत ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्मम तरीके से दफादारों और चौकीदारों को पीटा गया। इसके बाद विपक्ष के विधायक "लाठी गोली की सरकार नहीं चलेगी" का नारा लगाने लगे।

आपलोग क्या बोल रहे हैं कि यह सरकार नहीं चलेगी

इसी बीच संसदीय कार्य मंत्री ने उन्हें टोकते हुए कहा कि अगर सरकार नहीं चलेगी तो दफादार और चौकीदार संघ की बात कौन सुनेगा? विपक्ष फिर नारेबाजी करने लगा। सीएम नीतीश कुमार अचानक खड़े हो गए। उन्होंने विपक्ष से कहा कि आपलोग क्या बोल रहे हैं कि यह सरकार नहीं चलेगी? सरकार सब दिन रहेगी। आप लोग अब कितना हो गए? कितनी कम संख्या हो गई आपलोगों की? हमलोगों की संख्या भी देख लीजिए। वहीं राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने सीएम नीतीश कुमार से कहा कि लाठी गोली की सरकार नहीं चलेगी। इस पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि फालतू बात मत कीजिए। आपलोगों की सरकार ने कोई काम नहीं किया है। पहले तो लोग शाम को घर से बाहर निकलने से डरते थे।

आपकी सरकार ने कोई काम ही नहीं किया

वहीं उन्होंने कहा कि आपलोग गड़बड़ करते थे इसलिए आपलोगों को छोड़ दिए। आपकी सरकार ने कोई काम ही नहीं किया। अब आप जानते हैं कि बिहार कितना आगे बढ़ गया है। इसलिए फालतू बात मत कीजिए। बिना मतलब का प्रदर्शन मत कीजिए। आपलोग जो भी बात कर रहे हैं, उसका कोई मतलब नहीं है। आप अपनी संख्या की बात कीजिए न।

विपक्ष के विधायकों ने जमकर नारेबाजी की

दरअसल, सीएम नीतीश कुमार की बातें सुनकर विपक्ष के विधायकों ने वेल में आकर जमकर नारेबाजी की। सीएम नीतीश कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष से अपील करते हुए कहा कि कहा कि जो सदन में गड़बड़ करे, उसे बाहर कर दीजिए। विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष के विधायकों को समझाने की काफी कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। सभी विधायक हंगामा करने लगे। विधायकों ने जमकर प्रदर्शन किया। "नीतीश सरकार होश में आओ और नीतीश सरकार हाय हाय" का नारा लगाने लगे। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री ने दफादार और चौकीदार संघ मामले पर विपक्ष के सवाल का जवाब दिया। 

Tags:    

Similar News