बरेली बवाल: Gen Z को उपद्रव करने के लिए उकसाया गया था... तमाम Gen Z ने गिरफ्तारी के बाद खोला यह राज! कहा-Sorry
उपद्रवियों में से 16 लोगों पर बवाल करने और 6 पर मौलाना तौकीर रजा खां की गिरफ्तारी के बाद लोगों को उकसाने का आरोप लगा है।;
बरेली। बरेली शहर में फैले उपद्रव के मामले में पुलिस ने फिर से 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। उपद्रव कराने में मौलाना के साथ 77 लोग और भी शामिल थे। पुलिस ने इन सभी की पहचान कर ली है। पुलिस ने 22 आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। उसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। इन उपद्रवियों में से 16 लोगों पर बवाल करने और 6 पर मौलाना तौकीर रजा खां की गिरफ्तारी के बाद लोगों को उकसाने का आरोप लगा है।
एसपी सिटी ने दी जानकारी
अब तक मौलाना तौकीर रजा समेत कुल 34 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं संदिग्ध 26 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। एसपी सिटी ने कहा कि भीड़ की तरफ से किए गए पथराव और फायरिंग में 22 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
कुल 125 लोगों को किया गया नामजद
बता दें कि कोतवाली में 5, बारादरी में 2, किला, कैंट व प्रेमनगर थाने में एक-एक एफआईआर दर्ज करके कुल 125 लोगों को नामजद किया गया है। तीन हजार अज्ञात लोगों को भी आरोपी माना गया है।
आरोपियों ने मांगी माफी
एसी सिटी ने जब आरोपियों को मीडिया के सामने पेश किया तो वे माफी मांगते हुए नजर आए। इनमें से अधिकतर आरोपी Gen Z हैं। आरोपियों ने कहा कि वे बहकावे में आ गए थे, तभी बवाल किया। अब जीवन में दोबारा ऐसा नहीं करेंगे। आरोपियों में चक महमूद निवासी मोईन उर्फ चोटीकटवा के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। उसने पहले भी शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की है।
76 लोग पुलिस की निगाह में
इस मामले में प्रशासन की मनाही के बावजूद भीड़ को खलील स्कूल तिराहे की ओर भेजने में सात थाना क्षेत्र के 5 पार्षद सहित 77 लोगों के संलिप्त होने की बात सामने आई है। पुलिस ने एक पार्षद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अब चार पार्षदों सहित 76 लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
शहर में छाई शांति
बवाल के बाद आज शहर में हालात सामान्य हैं, शांति का माहौल छाया है। बाजार में आम दिनों की तरह चहलकदमी है।