सीएम योगी चार दिवसीय दौरे के लिए सिंगापुर रवाना, वित्तमंत्री समेत 18 लोगों की टीम गई साथ...
सीएम योगी और उनकी टीम 22 से 24 फरवरी तक सिंगापुर की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे
लखनऊ। सीएम योगी आज यानी रविवार को अपने चार दिवसीय विदेश दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। उनके साथ 18 लोगों की टीम भी गई हैं, जिनमें वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, सीएम के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद, सचिव अ्मित सिंह के नाम शामिल हैं। सीएम योगी और उनकी टीम 22 से 24 फरवरी तक सिंगापुर की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरे का मकसद यूपी और सिंगापुर के बीच आर्थिक सहयोग, संस्थागत साझेदारी और क्षेत्र-विशेष निवेश को नई गति देना है।
विदेशी निवेश का सबसे बड़ा स्रोत है सिंगापुर
सिंगापुर भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का सबसे बड़ा स्रोत है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में सिंगापुर से भारत को 14.94 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्राप्त हुआ। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश के हिसाब से मजबूत रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
सिंगापुर के शीर्ष नेतृत्व होगी मुलाकात
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सिंगापुर के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। प्रस्तावित बैठकों में सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगारत्नम, प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन और मानव संसाधन मंत्री टैन सी लेंग शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक इन बैठकों में राष्ट्रीय स्तर पर तय सहयोग ढांचे को उत्तर प्रदेश में ठोस परियोजनाओं में बदलने पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री संस्थागत निवेशकों से भी बातचीत करेंगे।