दिल्लीवासियों को मिलेगा गोवा जैसा अनुभव! यमुना नदी में अगले महीने से चलेंगे क्रूज, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने दी जानकारी...

कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में शुरू होने वाली यह क्रूज सेवा लोगों को गोवा जैसी क्रूज यात्रा का अनुभव देगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से दिल्ली के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।;

Update: 2026-01-12 15:00 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना नदी में जल्द ही क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने इस बात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस क्रूज का निर्माण कार्य मुंबई में तकरीबन पूरा हो चुका है और अतिशीघ्र यह सेवा दिल्लीवासियों के लिए उपलब्ध होगी। कपिल मिश्रा ने कहा कि यह क्रूज यमुना नदी में संचालित किया जाएगा और इसका निर्माण मुंबई में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्रूज तैयार हो चुका है। 20 जनवरी को मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना होगा। क्रूज को दिल्ली पहुंचने में लगभग चार से पांच दिन का समय लगेगा।

फरवरी में रेखा गुप्ता करेंगी उद्घाटन

जानकारी के मुताबिक, फरवरी महीने में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता इस क्रूज का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद दिल्लीवासी यमुना नदी में क्रूज यात्रा का आनंद ले पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को लेकर सभी तैयारियां हो चुकी हैं। कपिल मिश्रा ने बताया कि क्रूज के लिए सोनिया विहार में जेट्टी तैयार की गई है। क्रूज का शुरुआती पॉइंट वजीराबाद के अपस्ट्रीम इलाके में होगा। वहीं, एक बार क्रूज का सफर करीब एक घंटे का होगा। इसमें एक साथ 40 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी।

दिल्ली में गोवा जैसी क्रूज यात्रा का होगा अनुभव

उन्होंने आगे कहा कि जहां से क्रूज की शुरुआत होगी, उस जगह को वाटर स्पोर्ट्स और मनोरंजन गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यह स्थान लोगों के लिए एक नया आकर्षण बनेगा। मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में शुरू होने वाली यह क्रूज सेवा लोगों को गोवा जैसी क्रूज यात्रा का अनुभव देगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से दिल्ली के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।


Tags:    

Similar News