मैं तुम्हारे बिना जी नहीं सकता... पत्नी ने किया सुसाइड, आहत होकर पति ने भी दे दी जान, सोशल मीडिया पर लिखा यह मैसेज

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया है।

By :  Aryan
Update: 2026-04-05 04:22 GMT

जयपुर। राजस्थान के झुंझुनू जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। दरअसल पदमपुरा गांव में एक जोड़े ने आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, पत्नी के सुसाइड की खबर मिलते ही पति ने भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मौत से कुछ मिनट पहले युवक ने सोशल मीडिया पर अपना आखिरी मैसेज लिखा था।

मृतक मजदूरी करता था

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय सचिन दूधवाल जयपुर में मजदूरी करता था और दो दिन पहले ही अपने एक साल के बेटे का जन्मदिन मनाने गांव आया था।  सचिन और उसकी पत्नी भारती (23) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर सचिन के पिता ने उसे झगड़े से दूर रहने के लिए वापस जयपुर भेज दिया। सचिन के जाने के बाद भारती ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। जब भारती का भाई और चाचा उसे समझाने पहुंचे, तो उसका शव पंखे से लटका दिखाई दिया।

 पति ने उठाया यह कदम

सचिन जयपुर की रास्ते में था जब उसे पत्नी की मौत की सूचना मिली। इस खबर ने उसे इस कदर तोड़ दिया कि उसने नवलगढ़ के दुर्जनपुरा के पास ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। सुसाइड से पहले उसने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट डाली, जिसमें लिखा कि कोणी रह सकूं तेरे बिना, आ रहा हूं। ट्रेन की टक्कर इतनी भयानक थी कि सचिन का हाथ कटकर ट्रैक से दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 ससुराल पक्ष पर लगा आरोप

वहीं, इस मामले में अब दोनों परिवारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। सचिन के पिता सुभाष ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों में अनबन थी और भारती अपनी मां से मिलने पीहर जाना चाहती थी, जिसे लेकर विवाद हुआ था। मृतका के पिता ओमप्रकाश खारिया ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी झुंझुनू जिले की गोल्ड मेडलिस्ट धावक थी और वह इतनी कमजोर नहीं थी कि सुसाइड कर ले। उन्होंने आरोप लगाया कि भारती के साथ मारपीट की जाती थी और उसे गहने-पैसे लाने के लिए ताना दिया जाता था।

पुलिस जांच में जुटी

 पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया है। थानाधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है। दो साल पहले हुई इस शादी का ऐसा दर्दनाक अंत होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। 

Tags:    

Similar News