सीजफायर का उल्लंघन करने पर भारत ने पाकिस्तान को दी चेतावनी, महानिदेशकों की हॉटलाइन पर हुई यह बातचीत

पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर में नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के गोलीबारी की;

Update: 2025-04-30 14:00 GMT

नई दिल्ली। पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा। इस आतंकी हमले के बाद सीमा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। इसके चलते अब भारत ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है और पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलीबारी पर आपत्ति दर्ज कराई है।

महानिदेशकों की हॉटलाइन पर हुई बातचीत

जानकारी के मुताबिक भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों ने बुधवार को हॉटलाइन पर बातचीत की। इस दौरान पाकिस्तान द्वारा बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन पर चर्चा की गई। भारत ने नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा बिना उकसावे के किए जा रहे सीजफायर के उल्लंघन के खिलाफ पाकिस्तान को चेतावनी दी है।

पाकिस्तान लगातार कर रहा सीजफायर का उल्लंघन

भारतीय सेना के अनुसार 29-30 अप्रैल की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने जम्मू-कश्मीर में नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना के जवानों ने तेजी से और उचित तरीके से जवाब दिया। भारतीय सेना का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से किया जा रहा सीजफायर उल्लंघन अब सिर्फ एलओसी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुंच गया है।

बता दें इससे पहले भी पाकिस्तानी सेना ने 26 से 29 अप्रैल के बीच कुपवाड़ा, बारामुला, अखनूर, पुंछ, तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के पास नियंत्रण रेखा के पार से बिना उकसावे के गोलीबारी की थी। हालांकि, भारतीय सेना इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

Tags:    

Similar News