रामानंद सागर के रामायण के लक्ष्मण ने रणबीर कपूर के बारे में बोल दी बड़ी बात, कहा- अरुण गोविल जैसा...
मुंबई। हनुमान जयंती के अवसर पर नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' का टीजर रिलीज हो गया है। अभिनेता रणबीर कपूर इस फिल्म में भगवान राम का किरदार निभाते नजर आएंगे। ऐसे में कई लोगों को भगवान राम के रोल के लिए रणबीर की कास्टिंग पसंद नहीं आई है। इन्हीं लोगों में एक्टर सुनील लहरी भी शामिल हैं। सुनील लहरी ने रामानंद सागर के मशहूर टीवी शो 'रामायण' में लक्ष्मण का रोल निभाया था।
रणबीर से खुश नहीं सुनील लहरी
सुनील लहरी ने आलोचना करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि यह तो बस एक झलक है। उन्होंने कहा- कुछ बातें ऐसी हैं जिन्होंने मुझे थोड़ा परेशान किया। नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में यह रोल रणबीर कपूर निभा रहे हैं। इस पर सुनील ने कहा, 'रणबीर ठीक-ठाक लग रहे हैं, लेकिन उनमें वह मासूमियत थोड़ी कम है। अरुण (गोविल) में जो धैर्य, शांति और मासूमियत थी, वह यहां नजर नहीं आ रही। मगर, मुझे पूरा भरोसा है कि वह अपनी एक्टिंग से इस रोल के साथ पूरा न्याय करेंगे।'
सुनील ने दी यह सलाह
सुनील ने आगे कहा 'वह थोड़े सख्त लग रहे हैं। उन पर लक्ष्मण या भरत का रोल ज्यादा जंचेगा। ऐसे रोल के लिए हमेशा किसी नए चेहरे को कास्ट करना बेहतर होता है। कोई नया एक्टर जिसकी कोई पहले से बनी-बनाई इमेज या कोई विवाद न हो।'
रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण बने थे सुनील लहरी
सुनील लहरी ने रामानंद सागर के टीवी शो 'रामायण' में लक्ष्मण का रोल निभाया था, जो 1987 से 1988 तक दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था। इसमें अरुण गोविल ने भगवान राम का रोल किया था।
कब रिलीज होगी फिल्म?
बता दें कि लगभग 4,000 करोड़ रुपये के मेगा बजट वाली यह फिल्म दो भागों में आएगी। पहला भाग दिवाली 2026 को और दूसरा भाग 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है। फिल्म में साई पल्लवी (माता सीता), यश (रावण) और सनी देओल (हनुमान) जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे।