मध्यप्रदेश सरकार ने बड़े पैमाने पर IAS अधिकारियों में किया फेरबदल, जानें किन्हें मिली कहां की जिम्मेदारी
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने वरिष्ठ IAS अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले किए। इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति वरिष्ठ IAS अधिकारी नीरज मंडलोई (1993 बैच) को सीएम कार्यालय में अपर मुख्य सचिव के रूप में पदस्थ किया जाना है।
प्रमुख विभागों के अधिकारी बदले
दरअसल, सीएम कार्यालय से लेकर नर्मदा घाटी विकास, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा, सामान्य प्रशासन जैसे प्रमुख विभागों के अधिकारी बदले गए हैं। उन्हें इसके साथ ऊर्जा विभाग और लोक सेवा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। बता दें कि अब तक सीएम कार्यालय में अपर मुख्य सचिव पद पर कार्यरत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी 1990 बैंच के डॉ. राजेश राजौरा को अब उपाध्यक्ष, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, प्रबंध संचालक, नर्मदा बेसिन प्रोजेक्ट कंपनी लिमिटेड, जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव पद पर पदस्थ किया गया है।
राखी सहाय को लोक सेवा आयोग सचिव बनाया
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर में ओएसडी सह सचिव प्रबल सिपाहा को उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त बनाया गया है। मध्य प्रदेश वित्त निगम इंदौर की प्रबंध संचालक राखी सहाय को लोक सेवा आयोग इंदौर का सचिव बनाया गया है।
संजय दुबे को आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव बनाया
हालांकि इसके अलावा अब तक सामान्य प्रशासन विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और 1993 बैंच के संजय दुबे को नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग उनके पास रहेगा।
वहीं नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल को सामान्य प्रशासन विभाग, विधिक प्रकोष्ठ, समन्वय तथा विमानन विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही वे कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष भी बने रहेंगे।
इन्हें कृषि विभाग का सचिव बनाया
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग तथा सचिव कार्मिक, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे एम. सेलवेन्द्रन को अब सचिव कार्मिक, सामान्य प्रशासन विभाग के रूप में नियुक्त किया है। मत्स्य विकास और आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रहे डी. पी. आहूजा को नया दायित्व सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में सौंपा गया है। इससे अशोक बर्णवाल को इस प्रभार से मुक्त कर दिया गया है जबकि उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त निशांत वरबवड़े को किसान कल्याण तथा कृषि विभाग का सचिव बनाया गया है।