यूपी में मायावती के एकलौते विधायक उमाशंकर सिंह पर गिरी गाज! घर से 10 करोड़ कैश बरामद, IT की कार्रवाई जारी
विधायक उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा सीट से लगातार तीन बार से विधायक हैं और राजनीति में आने से पहले बड़े ठेकेदार और व्यवसायी रहे हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बसपा (BSP) के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी में 10 करोड़ रुपये से अधिक कैश बरामद होने की खबर है। सूत्रों के अनुसार, लखनऊ के गोमती नगर स्थित उनके कार्यालय 'छात्र शक्ति इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड' से अकेले 10 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई है। इसके अलावा, भारी मात्रा में महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (लैपटॉप, मोबाइल) भी जब्त किए गए हैं।
कार्यवाही का दायरा
आयकर विभाग की 50 से अधिक अधिकारियों की टीम ने लखनऊ, बलिया (रसड़ा), सोनभद्र और कौशांबी सहित विधायक से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। लखनऊ आवास पर करीब 10 घंटे तक चली जांच पूरी हो चुकी है, जबकि अन्य जगहों पर कार्यवाही जारी है।
खनन घोटाले में आया था नाम
उमाशंकर सिंह छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी और साईं राम इंटरप्राइजेज के नाम से सड़क और खनन से जुड़े कार्य करते हैं। बीते वर्ष सीएजी (कैग) ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि सोनभद्र में अवैध खनन कार्यों से करीब 60 करोड़ रुपये की राजस्व की हानि हुई थी। माना जा रहा है कि सीएजी की इस रिपोर्ट के बाद ही उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों के ठिकानों को खंगाला गया है।
कौन है उमाशंकर सिंह
विधायक उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा सीट से लगातार तीन बार से विधायक हैं और राजनीति में आने से पहले बड़े ठेकेदार और व्यवसायी रहे हैं। ये बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सदस्य हैं और 2022 के चुनाव में पार्टी के एकमात्र विजेता विधायक रहे।