इजरायल में मोदी-मोदी! पीएम ने राष्ट्रपति हर्जोग को भारत आने का न्योता देते हुए कहा- सिर्फ दिल्ली से नहीं लौटना है ताकि...
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों के दौरे पर इजरायल पहुंचे हैं। गुरुवार को वह यरुशलम पहुंचे। यहां वह इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के साथ याद वाशेम गए। पीएम मोदी ने इजरायल के राष्ट्रपति हर्जोग से मुलाकात की। साथ ही उन्हें भारत आने का न्योता भी दिया। उन्होंने राष्ट्रपति हर्जोग से कहा कि भारत आने पर सिर्फ दिल्ली से नहीं लौट जाइएगा बल्कि भारत के अन्य क्षेत्रों का भी दौरा कीजिएगा ताकि भारतीयों को आपका स्वागत करने का मौका मिल सके।
पीएम मोदी ने इजरायल के राष्ट्रपति हर्जोग को दिया भारत आने का न्योता
पीएम मोदी इजरायल के दौरे पर हैं। गुरुवार को इस दौरे के दूसरे दिन उन्होंने इजरायल के राष्ट्रपति हर्जोग से खास बातचीत की। इजरायली राष्ट्रपति ने पीएम मोदी की इस यात्रा को ऐतिहासिक बताया है। वहीं पीएम मोदी ने इजरायली राष्ट्रपति को भारत आने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि कृषि-पानी के क्षेत्र में इजरायल को महारत हासिल है और इजरायल ने हमेशा भारत के प्रति मान-सम्मान का भाव रखा है।
पीएम मोदी ने कहा- विभिन्न क्षेत्रों में भारत और इस्राइल के बीच बढ़ रहा सहयोग
पीएम मोदी ने कहा, मैं देख रहा हूं कि कल से जिस तरह से मेरा और मेरे प्रतिनिधिमंडल का इस्राइल में स्वागत सम्मान हुआ है। यह इस्राइल के लोगों के दिल में भारत के प्रति जो प्यार है, उसका प्रतिबिंब है। भारत और इस्राइल के संबंध विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत हो रहे हैं। खासकर पानी, कृषि के क्षेत्र में इस्राइल को महारत हासिल है। भारत भी कृषि क्षेत्र में इस्राइल की नीतियों को लागू करने की कोशिश कर रहा है।
कई अहम समझौतों पर हो सकते हैं हस्ताक्षर
यह पीएम मोदी की इजराइल की दूसरी यात्रा है। इससे पहले 2017 में उनकी ऐतिहासिक यात्रा ने दोनों देशों के रिश्तों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिलाया था। तब से दोनों नेताओं के बीच अच्छा तालमेल बना हुआ है। आज की बैठक में कई अहम समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर हो सकते हैं, जिससे रक्षा और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में ठोस नतीजे देखने को मिलेंगे।