असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को लेकर ओवैसी के बिगड़े बोल! कहा-2 रुपये की भीख तेरे को देता हूं मैं...

Update: 2026-02-07 08:52 GMT

नई दिल्ली। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर हमला बोला है। यह मामला हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा हाल ही में दिए गए एक बयान पर प्रतिक्रिया के तौर पर सामने आया है। दरअसल, रैली के दौरान ओवैसी ने भीड़ से 2 रुपये का सिक्का मांगा और जैसे ही उन्हें वह सिक्का मिला, उन्होंने असम के सीएम पर तीखा व्यंग्य कसना शुरू कर दिया।

सरमा यह 2 रुपये की भीख तेरे को देता हूं मैं

ओवैसी ने सिक्का लहराते हुए कहा कि यह 2 रुपये हैं। असम का मुख्यमंत्री बोल रहा है कि अगर वहां के मिया मुसलमान ऑटो में किसी को बैठाकर लेकर गए और अगर 5 रुपये ऑटो का किराया है तो 4 रुपये दो। हिमंत बिस्वा सरमा यह 2 रुपये की भीख तेरे को देता हूं मैं, लेता है क्या तू बोल? ओवैसी के इस अंदाज पर पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा। उन्होंने आगे कहा कि बोल, तू ₹2 का भिखारी है, मैं जानता हूं तेरे को। तू इतना कम आदमी है, इतना छोटा आदमी है कि एक गरीब जो ऑटो चलाता है, उसके 4-5 रुपयों के पीछे पड़ा है।

सीएम सरमा को 'गरीब विरोधी' करार दिया

यह विवाद असम के मुख्यमंत्री के उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि असम के 'मिया मुसलमान' (बंगाली मूल के मुसलमान) अपनी दुकानों पर सामान और ऑटो-रिक्शा में किराया कम रखकर लोगों को लुभाते हैं। सरमा ने इसे 'लव जेहाद' और जनसंख्या वृद्धि की साजिश का हिस्सा बताया था। ओवैसी ने इसी 'आर्थिक जिहाद' वाले बयान का मजाक उड़ाते हुए उन्हें 'गरीब विरोधी' करार दिया। ओवैसी का तर्क था कि एक मुख्यमंत्री का गरीब ऑटो ड्राइवर की कमाई पर टिप्पणी करना उसकी सोच को दर्शाता है। ओवैसी का यह भाषण अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। 

Tags:    

Similar News