PAK सेना ने 4 लाख महिलाओं के साथ किया सामूहिक बलात्कार...भारत ने UN में पाकिस्तान को किया बेनकाब
भारत ने कहा कि पाकिस्तान दुनिया में आतंकवाद फैलाने में हमेशा आगे रहता है।;
नई दिल्ली। भारत ने आज यानी मंगलवार 7 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत पार्वथनेनी हरीश ने कहा कि पाकिस्तान ऐसा देश है जो कि अपने ही लोगों पर बमबारी करता है। वहां की महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। वह पूर्वनियोजित नरसंहार फैलाता है। दुनिया में आतंकवाद फैलाने में हमेशा आगे रहता है।
पार्वथनेनी हरीश ने कहा
भारतीय प्रतिनिधि पार्वथनेनी हरीश ने जम्मू-कश्मीर के मामले में कहा कि जिसे वह कब्जा करना चाहता है, अक्सर उसे लेकर हमले करता रहता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सिर्फ दुनिया का ध्यान भटकाना चाहता है।
महिलाओं के साथ किया सामूहिक बलात्कार
पार्वथनेनी हरीश ने पाकिस्तान में हुए ऑपरेशन सर्चलाइट का जिक्र भी किया, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ऐसा देश है जिसने 1971 में ऑपरेशन सर्चलाइट के दौरान अपनी ही सेना द्वारा अपने ही देश के नागरिकों को मरवा दिया था। उन्होंने आगे कहा कि केवल इतना ही नहीं पाकिस्तान की सेना ने लगभग 4 लाख महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार किया था। इसमें खास बात यह है कि यह सब व्यवस्थित अभियान के तहत अंजाम दिया गया। हरीश ने कहा कि दुनिया अब पाकिस्तान के इस छल प्रपंच को समझ चुकी है।
भारत महिला शांति सैनिकों को रखता है अग्रणी
हरीश ने आगे कहा कि भारत हमेशा से महिला शांति सैनिकों को बढ़ावा देता आया है। उन्होंने डॉ. किरण बेदी का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भारत की पहली आईपीएस अधिकारी और 2003 में संयुक्त राष्ट्र पुलिस डिवीजन की पहली महिला पुलिस सलाहकार बनीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के शांति मिशन में होने की खासियत यह है कि वे लैंगिक हिंसा को दूर करने में मदद करती हैं। इसके साथ यह भी सुनिश्चित होता है कि शांति प्रक्रिया और समाज में महिलाओं की भूमिका अहम है।