बरेली बवाल में पुलिस का बड़ा एक्शन! तौकीर रजा समेत 8 उपद्रवियों को भेजा जेल, इतने घंटे के लिए इंटरनेट बंद
बरेली जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बीएसएनएल क्षेत्रीय कार्यालय के जीएम पंकज पोरवाल ने कहा कि शासन के निर्देश पर कुछ देर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।;
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में हुई हिंसा मामले में मौलाना तौकीर रजा समेत 8 को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक दिन पहले यानी शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद भारी बवाल हुआ था। बरेली की अल हजरत दरगाह के आसपास मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर लेकर उतरे। देखते ही देखते यह विरोध प्रदर्शन हिंसक टकराव में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
8 उपद्रवियों को पुलिस ने भेजा जेल
जानकारी के मुताबिक बरेली में प्रदर्शनकारियों पर एक्शन लेते हुए मौलाना तौकीर रजा समेत 8 उपद्रवियों को जेल भेज दिया गया। 2000 अज्ञात और कुछ नामजद लोगों के खिलाफ 6 FIR दर्ज कर ली गई। वहीं पुलिस ने अब तक 40 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है।
48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद
बरेली में हिंसा के बाद जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बीएसएनएल क्षेत्रीय कार्यालय के जीएम पंकज पोरवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार को सोशल मीडिया पर जो पत्र वायरल हुआ है, वह सही है। शासन के निर्देश पर कुछ देर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। हमारे पास आधिकारिक पत्र आ गया है।
क्या बोली पुलिस
डीआईजी अजय कुमार साहनी के मुताबिक घटना में 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जिस तरह से भीड़ बैनर लेकर निकली और पथराव किया उससे सुनियोजित साजिश का संकेत मिलता है। पुलिस ने मौलाना रजा को साजिशकर्ता करार दिया है । साथ ही उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों ने फायरिंग की थी। शहर के अलग-अलग पांच थानों में छह मुकदमे दर्ज किए गए हैं।