लोकसभा में राहुल को बोलने नहीं दिया, सदन से बाहर निकलते ही नेता प्रतिपक्ष ने कहा मोदी ने ट्रेड डील के तहत देश को बेच दिया है
लोकसभा 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
नई दिल्ली। बजट सत्र के दौरान हंगामे का सिलसिला जारी है। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे शुरू हो गई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू की। राहुल ने फिर चीन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मैं विपक्ष का नेता हूं, मुझे बोलने क्यों नहीं दिया जा रहा है। आर्टिकल पर ऐतराज है तो जिक्र नहीं करूंगा। कांग्रेस के सांसदों ने स्पीकर की ओर पेपर फेंक दिया। लोकसभा 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
लोकसभा में राहुल गांधी के बयान पर हंगामा
लोकसभा में राहुल ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि वे अपने वक्तव्य के समर्थन में सभी दस्तावेजों को सदन के पटल पर रखने के लिए तैयार हैं। तभी केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला कल ही इस संबंध में नियम साफ कर चुके हैं। सरकार नियमों के तहत नेता प्रतिपक्ष की सभी बातों को सुनने के लिए तैयार है। पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेनेट्टी ने विपक्षी दलों के बर्ताव पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सदन में यार जैसे संबोधन आपत्तिजनक हैं।
सदन से बाहर निकलने पर राहुल गांधी ने ट्रेड डील साइन पर यह कहा
सदन से बाहर निकलने पर राहुल गांधी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि 4 महीने से ट्रेड डील रुकी हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दबाव में आकर ट्रेड डील पर साइन किया है।
उन्होंने कहा कि इस डील पर साइन करके पीएम मोदी ने किसानों और देश को बेच दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी घबराए हुए हैं और कंप्रोमाइज होकर डील पर साइन किया है। उन्होंने कहा कि जो लोग मोदी के इमेज का गुब्बारा बनाते थे अब वह गुब्बारा फोड़ने लगे हैं।