LPG की कमी पर पार्लियामेंट में चर्चा होनी चाहिए, सरकार जनता को दे भरोसा...शशि थरूर ने की मांग
नई दिल्ली। खाड़ी देशों में जारी जंग का असर अब पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। वहीं भारत में भी पेट्रोल-डीजल और LPG सिलेंडर की समस्या को देखते हुए लोग घबराए हुए हैं। यहां तक कि पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। इस बीच विपक्ष भी लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है। वहीं कांग्रेस MP शशि थरूर ने सरकार से मांग की है।
पार्लियामेंट में चर्चा होनी चाहिए
दरअसल, LPG की कमी की खबरों पर कांग्रेस MP शशि थरूर ने कहा कि ऐसे मुद्दों पर पार्लियामेंट में चर्चा होनी चाहिए। सरकार को जानकारी दी जानी चाहिए। आप जानते हैं कि LPG सिलेंडर के लिए कितनी लंबी लाइनें हैं। आप जानते हैं कि कीमतें बढ़ा दी गई हैं। यह सब जनता के सामने रखने का एक प्लेटफॉर्म है। हम बस चाहते हैं कि चर्चा हो और सरकार जनता को भरोसा दे। ऐसा नहीं हो सकता कि वे बस अपनी मर्जी से सरकार चलाएं।
इसमें ऐसे लोगों को घसीटा जा रहा है, जिनका यह युद्ध नहीं है
जानकारी के अनुसार, ईरान ने भारतीय झंडे वाले जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने दिया, इस पर कांग्रेस MP शशि थरूर ने कहा कि पहले ही कांडला जा रहे एक अथाई जहाज पर दो बार हमला हुआ था, जिसमें भारतीय क्रू मेंबर सवार थे। ईरानियों को उन लोगों का सम्मान करना चाहिए जो उनके साथ दोस्ताना और समझदारी से पेश आए हैं। इस लड़ाई में अभी दिक्कत यह है कि इसमें ऐसे लोगों को घसीटा जा रहा है, जिनका यह युद्ध नहीं है।