यूपी के बलिया में 10वीं की छात्रा से 6 लड़कों ने किया गैंगरेप, पीड़िता ने पूछा अब मैं कल बोर्ड एग्जाम कैसे दूंगी?
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने लड़की को धमकी दी थी कि किसी को इस बारे में न बताए
बलिया। यूपी के बलिया में 10वीं बोर्ड की नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। दरअसल 14 साल की नाबालिग शाम में शौच के लिए खेत गई थी। तभी गांव के 6 युवकों ने उसे दबोच लिया। उसके बाद छात्रा को घसीटते हुए सुनसान जगह पर ले गए और बारी-बारी से रेप किया। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब छात्रा के हाथ में तेज दर्द करने लगा। उसने परिवार से कहा कि मैं कल बोर्ड एग्जाम कैसे दूंगी? परिजनों ने जब उससे कारण पूछा तो गैंगरेप की घटना की जानकारी दी।
डर की वजह से बच्ची ने किसी को जानकारी नहीं दी
रेप पीड़िता की भाभी ने जानकारी दी कि जब हमारी ननद शौच करने गई थी तो 6 लड़के उसे खींचकर ले गए और उसका रेप किया। डर के कारण से ननद घर पर यह बात नहीं बता रही थी। दूसरे दिन जब उसका हाथ-पैर में दर्द होने लगा तो उसने रोते हुए बताया उसके साथ गलत काम किया गया है। भाभी ने बताया कि थाने पर पहले ही शिकायत कर दी गई थी लेकिन पुलिस अगले दिन मौके पर पहुंची।
वीडियो वायरल करने की दी धमकी
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने लड़की को धमकी दी थी कि किसी को इस बारे में न बताए। यदि उसने ऐसा किया तो वह 6 आदमी हैं, पापा-भैया सबको मार देंगे। इतना ही नहीं, पीड़िता को रेप का वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी गई। इस वजह से लड़की ने घर आकर परिजनों को कुछ नहीं बताया।
सभी आरोपी फरार हैं
इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी अभी तक फरार हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जानकारी दी है कि हमें कल यानी बुधवार को गड़वार थाने पर बहादुरपुर कारी गांव के एक व्यक्ति द्वारा इस पूरी वारदात की सूचना मिली थी। पुलिस ने भरोसा दिया है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर एक्शन लिया जाएगा।