स्पोर्ट्स के सामान हो सकते हैं सस्ते, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खेलो इंडिया मिशन का रखा प्रस्ताव! जानें सरकार का प्लान...
ऐसा अनुमान है कि अब से क्रिकेट बैट और बॉल, स्पोर्ट्स किट, बैडमिंटन रैकेट, फुटबॉल आदि खेलों के समान सस्ते हो सकते हैं।
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज यानी 1 फरवरी को संसद में 2026-27 के लिए बजट पेश किया। इस क्रम में सरकार ने भारत में पूरे खेल तंत्र को मजबूती देने की तरफ इशारा किया है। वित्त मंत्री ने एक बुनियादी ढांचे और जमीनी स्तर पर खेल विकास योजनाओं का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर हाई-क्वालिटी वाले खेल सामानों को बनाने की क्षमता रखता है। उन्होंने खेल सामानों के निर्माण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस कड़ी में 2026-27 के लिए युवा मामलों और खेलों को लगभग 45,482 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
खेलो इंडिया मिशन का रखा प्रस्ताव
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खेलो इंडिया मिशन का प्रस्ताव रखा। 'खेलो इंडिया मिशन' का मकसद अगले 10 सालों में भारतीय खेल इको सिस्टम को बदलना एवं उसमें सुधार लाना होगा। उन्होंने कहा कि अब भारत का ध्यान सिर्फ पदक जीतने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खेल रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और आर्थिक वृद्धि का जरिया बन गए हैं।
एथलीटों की प्रतिभा को करना होगा विकसित
वित्त मंत्री ने बताया कि इस नए प्रोजेक्ट का उद्देश्य एथलीटों की प्रतिभा को एकीकृत तरीके से विकसित करना होगा। वहीं स्किल डेवलपमेंट की एक स्पष्ट प्रक्रिया तैयार की जाएगी, जिससे सभी स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों को सही संसाधन मिल सकें और उन्हें सही दिशा मिल सके। खिलाड़ियों की फिटनेस के लिए आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा सरकार ने कोचों और खेल के स्टाफ के विकास पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया मिशन के तहत स्पोर्ट्स साइंस और खेलों में आधुनिक तकनीकों को लाने पर भी जोर दिया जाएगा।
खेलों के समान होगें सस्ते
खेलो इंडिया मिशन आने के बाद भारत में खेलों का सामान कुछ हद तक सस्ता होगा। बजट में 10 हजार करोड़ की राशि एसएमई (स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेस) को अलॉट की गई है। ऐसा अनुमान है कि अब से क्रिकेट बैट और बॉल, स्पोर्ट्स किट, बैडमिंटन रैकेट, फुटबॉल आदि खेलों के समान सस्ते हो सकते हैं।