नए गाने पर छिड़े विवाद पर नोरा फतेही ने पहली बार तोड़ी चुप्पी! बोलीं- मेरे साथ धोखा हुआ है...

Update: 2026-03-18 11:03 GMT

मुंबई। इन दिनों नोरा फतेही भारी विवादों में घिरी हुई हैं। दरअसल नोरा फतेही का एक नया गाना "सरके चुनर तेरी सरके" आते ही भारी विवादों में है। ऐसे में अब पहली बार एक्ट्रेस ने सफाई दी है। एक्ट्रेस ने साफ कर दिया है कि इस पूरे मामले में उन्हें अंधेरे में रखा गया और उनके साथ धोखा हुआ है। नोरा ने अब इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर यह स्पष्ट किया है कि उन्होंने कभी भी इस हिंदी गाने के लिए शूट नहीं किया था।

क्या है पूरा मामला?

नोरा फतेही का एक नया गाना "सरके चुनर तेरी सरके" आते ही भारी विवादों में आ गया है। यह गाना आगामी फिल्म 'KD: The Devil' का हिस्सा है, जिसमें नोरा और संजय दत्त साथ नजर आ रहे हैं। गाने के लिरिक्स और दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी विरोध हुआ है। कई लोगों ने इसे अश्लील और अपमानजनक बताया है। विवाद बढ़ने के बाद भारत सरकार ने इस पर सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर कुछ भी नहीं परोसा जा सकता। इसके बाद गाने को यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया है।

क्या बोली नोरा फतेही?

जानकारी के मुताबिक अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किए गए वीडियो और कैप्शन में नोरा काफी भावुक और गुस्से में नजर आईं। उन्होंने कहा- मैं यह बिल्कुल नहीं चाहूंगी कि कोई भी यह सोचे कि मैं इस तरह की चीज का समर्थन करती हूं। आप लोगों के विरोध और दबाव की वजह से फिल्म निर्माताओं ने आखिरकार उस गाने को हटा लिया है, जिसके लिए मैं आप सभी का शुक्रिया अदा करती हूं।

नोरा ने आगे कहा- मैं फिर से यह दोहराना चाहती हूं कि मुझे इस हिंदी गाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मैंने इस गाने पर परफॉर्म नहीं किया है और न ही मेरी इमेज (चेहरा) इस्तेमाल करने की कोई अनुमति ली गई थी।" उन्होंने साफ किया कि नोरा ने सिर्फ कन्नड़ में इस गाने को 3 साल पहले शूट किया था और उन्हें कन्नड़ ठीक से आती तक नहीं है।

Tags:    

Similar News