बिहार सरकार के मंत्रिमंडल में होगा तगड़ा बदलाव! क्या जदयू और भाजपा के 14-14 बराबर मंत्री रहेंगे...इंतजार कीजिए रामनवमी तक

सीएम नीतीश कुमार और गृह मंत्री अमित शाह के बीच मीटिंग के दौरान लगभग सभी मुद्दों पर बात हो चुकी है। वहीं, कुछ मुद्दों पर दोनों ओर से अब तक सहमति नहीं बन पाई है,उस पर चर्चा जारी है

Update: 2026-03-06 09:39 GMT

पटना। सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा उम्मीदवार बनने को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जदयू कार्यकर्ता पिछले 36 घंटे से लगातार बीजेपी का विरोध कर रहे हैं। इस वजह से जदयू और भाजपा के बीच तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। दरअसल जदयू नेताओं का कहना है कि भाजपा ने जनादेश का अपमान किया है। इतना ही नहीं आज जदयू कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी की तस्वीर पर कालिख भी पोत दी। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शाम पांच बजे बैठक बुलाई है, जिसमें जदयू पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

रामनवमी तक नई सरकार की तस्वीर होगी साफ

दूसरी ओर, नई सरकार की लिस्ट भी तैयार हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, रामनवमी तक सारी तस्वीर साफ हो जाएगी। राजनीतिक विदों की मानें तो सीएम नीतीश कुमार और गृह मंत्री अमित शाह के बीच मीटिंग के दौरान लगभग सभी मुद्दों पर बात हो चुकी है। वहीं,कुछ मुद्दों पर दोनों ओर से अब तक सहमति नहीं बन पाई है,उस पर चर्चा जारी है।

भाजपा और जदयू के मंत्रियों की संख्या होगी बराबर

जानकारी के मुताबिक, भाजपा और जदयू के अलाकमान के बीच जो बातें हुईं, उससे एक बात उभर कर सामने आई है कि दोनों दलों के मंत्रियों की संख्या समान होगी। 89 सीटें लाकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी होने की वजह से सीएम भाजपा का ही होगा। वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता की मांग है कि उनके दो डिप्टी सीएम रहें और गृह विभाग भी उनके पास रहे।

डिप्टी सीएम के पहले दावेदार

दरअसल कई सालों तक गृह विभाग सीएम नीतीश कुमार के पास था। सूत्रों की मानें तो डिप्टी सीएम के लिए निशांत कुमार का नाम सबसे पहले नंबर पर है। वहीं,दूसरे नंबर पर विजय चौधरी का नाम सामने आ रहा है। बता दें कि विजय चौधरी सीएम नीतीश कुमार के सबसे करीबी नेता माने जाते हैं। पार्टी में इन दोनों के नाम पर किसी को ऐतराज भी नहीं है। गौरतलब है निशांत कुमार नहीं चाह रहे थे कि उनके पिता नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ें,आखिरकार जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मना लिया।

चिराग, उपेंद्र और मांझी के पार्टी से इतने मंत्री बनने की उम्मीद

दरअसल 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद जो सरकार बनी उसमें 26 मंत्रियों ने शपथ लिया था। उसमें भाजपा से 14 , जदयू से 8, लोजपा (राम) से दो, हम और रालोमो से एक-एक मंत्री शामिल थे। वहीं, सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन के बाद अब जो लिस्ट तैयार की गई है उसमें मंत्रियों की संख्या बढ़कर 33 तक हो सकती है। इस बार जदयू और भाजपा के 14-14 बराबर मंत्री रहेंगे। वहीं चिराग की पार्टी से तीन मंत्री बनाए जाने पर चर्चा है, जबकि उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी की पार्टी से पहले की तरह एक-एक मंत्री रहने की बात सामने आई है।


Tags:    

Similar News