लोकसभा में बजट पर 18 घंटे होगी चर्चा तो राज्यसभा में 16 घंटे, राहुल गांधी आज धन्यवाद प्रस्ताव पर रखेंगे अपनी बात
नई दिल्ली। संसद के चालू बजट सत्र का आज चौथा दिन है। बजट सत्र की शुरुआत 29 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ हुई थी। दूसरे दिन वित्त मंत्री ने आर्थिक सर्व पेश किया था। तीसरे दिन 1 फरवरी को वित्त मंत्री ने बजट पेश किया था। आज से राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होनी है। धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए लोकसभा में 18 और राज्यसभा में 16 घंटे का समय तय किया गया है।
राहुल गांधी आज धन्यवाद प्रस्ताव पर करेंगे चर्चा
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोल सकते हैं। राहुल गांधी के विपक्ष की ओर से चर्चा की शुरुआत करने की संभावना है। धन्यवाद प्रस्ताव पर पहले दिन की चर्चा के लिए कांग्रेस के वक्ताओं की जो लिस्ट सामने आई है, उसके अनुसार, विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहले वक्ता होंगे। इस लिस्ट में तारिक अनवर, अमरिंदर राजा वडिंग, एंटो एंटोनी और ज्योतिमणि के भी नाम हैं।
लोकसभा में 4 फरवरी को जवाब देंगे पीएम मोदी
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब देंगे। पीएम मोदी लोकसभा में 4 फरवरी को धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे। पीएम मोदी 5 फरवरी को राज्यसभा में चर्चा का जवाब देंगे। धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद बजट पर चर्चा शुरू होगी।