बिहार में दुखद हादसा: फल्गु नदी में डूबने से 11वीं के 5 छात्रों की मौत

जानकारी के अनुसार, ये छात्र गुरुवार को त्रैमासिक परीक्षा देने के बाद नदी में नहाने गए थे।;

By :  DeskNoida
Update: 2025-09-25 21:30 GMT

बिहार के गयाजी जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। बेलागंज और खिजरसराय की सीमा पर स्थित पनारी पुल के पास फल्गु नदी में डूबने से 5 स्कूली छात्रों की मौत हो गई। मृतक सभी बेलागंज के वाजितपुर गांव के रहने वाले थे।

जानकारी के अनुसार, ये छात्र गुरुवार को त्रैमासिक परीक्षा देने के बाद नदी में नहाने गए थे।

हादसे का कारण

स्थानीय लोगों ने बताया कि पनारी के नागार्जुन हाई स्कूल के 11वीं कक्षा के कुल 13 छात्र नदी में उतरे थे। बालू खनन से बने गड्डे में फंसने के कारण एक छात्र डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य साथी भी गहरे पानी में चले गए।

स्थानीय मछुआरों और ग्रामीणों ने छात्रों को बाहर निकालने का प्रयास किया। गंभीर स्थिति में खिजरसराय अस्पताल ले जाने के बाद कुछ को आगे मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

मृतक और घायल छात्रों की जानकारी

मृतकों में शामिल हैं:

17 वर्षीय मो. कैफ

18 वर्षीय मो. शाहनवाज

17 वर्षीय मो. सारिक

16 वर्षीय मोहम्मद अनस

16 वर्षीय मो. सुफियान

गंभीर रूप से घायल छात्रों में शामिल हैं:

20 वर्षीय तौसीफ

18 वर्षीय शाहिल

ग्रामीणों ने बताया कि अन्य 6 किशोर सुरक्षित हैं।

रील बनाने की चर्चाएँ

घटना के समय छात्र शायद रील बनाने के लिए नदी में उतरे थे, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस कार्रवाई और गांव का हाल

घटना के बाद खिजरसराय थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची, लेकिन बेलागंज पुलिस देर तक मौके पर नहीं पहुँची। ग्रामीणों ने शवों के पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया और देर शाम तक शव गांव में ही रखे गए। पूरे गांव में मातम का माहौल है।

Tags:    

Similar News