West Bengal: 2026 की चुनावी तैयारी: बंगाल में पीएम मोदी ने गिनाई TMC की बुराई! बताया- केंद्र सरकार किस तरह करेगी बंगाल की भलाई
राज्य के विकास के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा... पश्चिम बंगाल में TMC पर गरजे पीएम मोदी;
कोलकाता। पीएम मोदी आज पश्चिम बंगाल एक दिवसीय दौरे पर हैं। बता दें कि केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार. ने पीएम मोदी को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया है। इस दौरान उन्होंने अलीपुरद्वार में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं होगा। आज देश में 31 करोड़ से ज्यादा एलपीजी कनेक्शन हुए हैं। 2014 के पहले 14 करोड़ से भी कम एलपीजी कनेक्शन हुआ था।
बंगाल को मिली 3 I गति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बंगाल में विकास को गति मिलने लगी है। खास तौर पर 3 आई यानी इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन और इन्वेस्टमेंट तीनों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि जब भारत विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है, तो बंगाल की भागीदारी अपेक्षित भी है और अनिवार्य भी है। इसी इरादे के साथ, केंद्र सरकार यहां लगातार इन्फ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन और इन्वेस्टमेंट को नई गति दे रही है।
हजारों करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और कूच बिहार जिलों में हजारों करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाई है। अपने दौरे पर उन्होंने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना की आधारशिला रखी। इस परियोजना की लागत 1010 करोड़ रुपये है। इसका लक्ष्य यह है लगभग 19 सीएनजी स्टेशन स्थापित करके 2.5 लाख से अधिक घरों, 100 से अधिक वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और उद्योगों को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) और वाहनों को संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) उपलब्ध कराना है।
हर घर तक गैस पहुंचाने का सपना अब पूरा हो रहा...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "पिछले कुछ वर्षों में भारत ने ऊर्जा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज हमारा देश ऊर्जा आधारित अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है... शहरी गैस वितरण नेटवर्क 5,520 से अधिक जिलों तक पहुंच चुका है... CNG की वजह से परिवहन में भी बदलाव आया है। प्रदूषण कम हो रहा है।
इसलिए लोगों का स्वास्थ्य बेहतर हो रहा है और उनकी जेब पर बोझ कम हो रहा है... आज देश में 31 करोड़ से अधिक लोगों के पास LPG कनेक्शन हैं। हर घर तक गैस पहुंचाने का सपना अब पूरा हो रहा है। इसके लिए हमारी सरकार ने दुनिया के हर कोने में गैस वितरण नेटवर्क को मजबूत किया है..."
पश्चिम बंगाल का विकास भारत की प्रगति का आधार है...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल में बुनियादी ढांचे, नवाचार और निवेश को निरंतर गति दे रही है। पश्चिम बंगाल का विकास भारत की प्रगति का आधार है... सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के माध्यम से लोगों को अब सिलेंडर खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी और घरों में सुरक्षित गैस वितरण सुनिश्चित होगा। CNG स्टेशनों के निर्माण से हरित ईंधन सेवाओं के विस्तार में मदद मिलेगी। इससे धन, समय की बचत होगी और पर्यावरण को भी राहत मिलेगी। यह परियोजना केंद्र सरकार की नीतियों की डोरस्टेप डिलीवरी का एक उदाहरण है।"
आज पश्चिम बंगाल एक साथ कई संकटों से घिरा हुआ...
उन्होंने कहा, "आज पश्चिम बंगाल एक साथ कई संकटों से घिरा हुआ है। पहला संकट समाज में फैल रही हिंसा और अराजकता का है। दूसरा संकट हमारी माताओं-बहनों की असुरक्षा का है, जिनके साथ जघन्य अपराध हो रहे हैं। तीसरा संकट युवाओं में फैल रही अत्यधिक निराशा और व्यापक बेरोजगारी का है। चौथा संकट व्यवस्था में लगातार कम होते भरोसे का है। पांचवां संकट सत्ताधारी दल की स्वार्थी राजनीति का है, जो गरीबों के अधिकारों को छीनती है।"