हॉस्टल से आई खबर तो दौड़े परिजन... 5 साल का मासूम लहूलुहान हालत में तड़प रहा था, ग्रामीणों ने लगाया जाम, हंगामा

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया

By :  Aryan
Update: 2026-04-06 11:23 GMT

जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां कनौदी स्थित ‘गुरुकुल पब्लिक स्कूल’ के हॉस्टल में रह रहे पांच साल के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में गला रेत कर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान बुलाकी बिगहा गांव निवासी धनंजय कुमार के पुत्र आशू कुमार (5 साल) के रूप में हुई है।

बेहतर भविष्य के लिए भेजा था हॉस्टल

परिजनों ने बताया कि मासूम आशू को महज 10 दिन पहले ही बेहतर भविष्य और पढ़ाई के लिए इस निजी विद्यालय के हॉस्टल में दाखिल कराया गया था। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि जिस स्कूल को उन्होंने सुरक्षित समझा था, वो उनके जिगर के टुकड़े के लिए मौत का घाट बन जाएगा।

गर्दन पर धारदार हथियार गहरे निशान थे

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे, जहां बच्चा लहूलुहान स्थिति में मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे। आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH) पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन घाव इतना गहरा था कि मासूम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण और परिजनों में आक्रोश बढ़ गया।

स्कूल परिसर में किया हंगामा

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोगों ने स्कूल के समीप पटना-गया मुख्य सड़क मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण घंटों तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को हटवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

पुलिस पदाधिकारी ने बयान देने से इनकार कर दिया

सबसे हैरान करने वाली बात है कि संवेदनशील मामला होने के बावजूद जहानाबाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने मीडिया से बात करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की घटनाओं पर मैं कुछ नहीं बोलता, आप एसपी से बात करें।


Tags:    

Similar News