बिहार की सियासत में सोशल मीडिया संग्राम! RJD ने सीएम को बताया 'जिंदा लाश' तो JDU ने तेजस्वी को कहा- 9 वीं_फेल_लुटेरा
पटना। बिहार की राजनीति में सियासी घमासान मचा हुआ है। RJD ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। पोस्ट में मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना उन्हें 'जिंदा लाश' बताया गया। लिखा गया कि अगर 'जिंदा लाश' कुछ समय और गद्दी पर बैठा रहा तो बिहार 'जिंदा मुर्दा' बन जाएगा। RJD ने इस पोस्ट के साथ बेशर्म CM हैशटैग का इस्तेमाल किया। इसे सीधे तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना माना जा रहा है।
9वीं_फेल_लुटेरा
हालांकि RJD के हमले के तुरंत बाद JDU ने भी जवाबी पोस्ट जारी की। JDU ने लिखा कि 'खुद को गलाकर बिहार में जान फूंक दिया, नर्क से निकाल सपनों का बिहार रच दिया।' JDU ने अपने पोस्ट में नीतीश कुमार के विकास कार्यों का हवाला देते हुए उन्हें राज्य के पुनर्निर्माण का श्रेय दिया। साथ ही RJD पर तंज कसते हुए लिखा कि अगर ऐसा ‘लाश’ उनके परिवार में होता तो बिहार अपना अस्तित्व नहीं खोता।
भ्रष्टाचार के मुद्दों को उछालने की कोशिश की
JDU ने अपने पोस्ट में 9वीं_फेल_लुटेरा हैशटैग का इस्तेमाल किया, जिसे RJD नेतृत्व पर सीधा हमला माना जा रहा है। इस हैशटैग के जरिए JDU ने शिक्षा और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को उछालने की कोशिश की। दोनों दलों के समर्थक भी सोशल मीडिया पर आमने-सामने आ गए हैं, जिससे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बहस और तेज हो गई है।
राज्य सियासत और गरमाने वाली
राजनीतिक हमलों में अब व्यक्तिगत और पारिवारिक संदर्भ भी शामिल होने लगे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की भाषा से राजनीतिक विमर्श का स्तर प्रभावित होता है। बिहार की राजनीति में सोशल मीडिया अब बड़ा हथियार बन चुका है। पार्टियां अपने आधिकारिक हैंडल से सीधे जनता तक संदेश पहुंचा रही हैं। स्पष्ट है कि आने वाले समय में बयानबाजी का यह दौर और तीखा हो सकता है, जिससे राज्य की सियासत में नया भुचाल आ सकता है।