नाराज कुलदीप को कप्तान सूर्या ने खास अंदाज में मनाया! बोले-गुस्सा छोड़ दो भाई...
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा रोमांच और भावनाओं से भरा होता है और टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप मैच में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। भारतीय टीम ने रविवार को पाकिस्तान को हराकर सुपर आठ में जगह पक्की की, लेकिन मैच के दौरान और बाद में मैदान पर हुई एक बहस ने सभी का ध्यान खींच लिया। हालांकि अब कप्तान सूर्या ने कुलदीप को खास अंदाज में मना लिया है।
हाथ से फिसलकर बाउंड्री पार चली गई
दरअसल, कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान की पारी के दौरान 18वें ओवर में एक अहम पल आया। हार्दिक पांड्या की गेंद पर सीमा रेखा पर खड़े कुलदीप यादव ने शाहीन अफरीदी का कैच लपक तो लिया, लेकिन गेंद उनके हाथ से फिसलकर बाउंड्री पार चली गई।
हार्दिक ने कुलदीप को कैच छोड़ने पर फटकार लगाई
वहीं कुलदीप की इस गलती से हार्दिक काफी निराश दिखे। हालांकि, उस समय उन्होंने तुरंत कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन जैसे ही उन्होंने अगली गेंदों में पाकिस्तान की पारी समेटने में भूमिका निभाई और टीम जश्न के लिए इकट्ठा हुई, उनका गुस्सा फूट पड़ा। हार्दिक ने कुलदीप को कैच छोड़ने पर फटकार लगाई। इस दौरान कुलदीप के चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही थी। कैच छूटने से कप्तान सूर्यकुमार यादव भी नाराज दिखे। कैमरों में उन्हें कुलदीप से तीखी बातचीत करते देखा गया। भारत-पाक मुकाबले की तीव्रता और मैच का दबाव इस पल में साफ नजर आया।
अब टीम में सबकुछ सामान्य
बता दें कि मैच खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने साफ कर दिया कि मैदान पर हुई बहस सिर्फ खेल की गर्मी का हिस्सा थी। सूर्यकुमार यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक मजेदार वीडियो साझा किया, जिसमें वह कुलदीप से हल्के-फुल्के अंदाज में बात करते नजर आते हैं। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, गुस्सा छोड़ दो भाई। यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और ड्रेसिंग रूम में किसी भी तरह के मतभेद की अटकलों पर विराम लग गया। कुलदीप और सूर्या की मुस्कुराती तस्वीरों और वीडियो ने दिखा दिया कि टीम में सबकुछ सामान्य है।