माशूका एक आशिक दो...खुनी हुई मोहब्बत, जानें प्रेमी की जान कैसे गई

मौत की खबर मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। गुस्साये ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश की

Update: 2026-03-12 09:40 GMT

गाजीपुर। यूपी के गाजीपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। दरअसल प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश के मामले में एक लड़के की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, यह मामला जंगीपुर थाना क्षेत्र के उधउपुर गांव का है। भाई की शादी की खुशियों के दौरान घर में मायूसी छा गई। हल्दी वाले कार्यक्रम के दिन 15 साल के नवयुवक सुधारन राजभर को उसके ही कुछ परिचितों ने लाठी-डंडों से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।

दो युवकों ने मृतक सुधारन को बुलाया था घर

जानकारी के मुताबिक, जंगीपुर थाना क्षेत्र के उधउपुर गांव निवासी सुधारन राजभर को दो युवकों ने घर से बुलाया था। लेकिन जब वह उनसे मिलने पहुंचा तो वहां पहले से ही कुछ युवक मौजूद थे। सभी ने मिलकर सुधारन पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जब उसे इलाज के लिए मऊ जिले के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल

मौत की खबर मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। गुस्साये ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश भी की। हालांकि पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर स्थिति को काबू किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रेम संबंध का मामला

पुलिस ने जानकारी दी कि इंद्रजीत की बुआ का घर मरदह थाना क्षेत्र के एक गांव में है। इंद्रजीत के बुआ के बेटे अनुज का एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे बातचीत करता था। इस दौरान मृतक सुधारन भी उसी युवती से बात करने लगा था। इस बात से अनुज नाराज था। अनुज ने सुधारन को समझाने के लिए उसका मोबाइल नंबर इंद्रजीत को दिया था।

इंद्रजीत ने दी सुधारन को चेतावनी

इसके बाद इंद्रजीत ने सुधारन को युवती से बात नहीं करने की चेतावनी दी। लेकिन सुधारन ने उसकी बात नहीं मानी, इसी दौरान दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हो गई। इससे विवाद अधिक बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद सुधारन को मिलने के बहाने बुलाया गया। फिर इंद्रजीत, ऋतिक और अन्य युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने की वजह उसकी मौत हो गई।

दो आरोपी को किया गया गिरफ्तार

गौरतलब है कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। वहीं, पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


Tags:    

Similar News