भारत की इकोनॉमी ने दिखाया जोरदार दम! दूसरी तिमाही में GDP ने 8.2% की लगाई छालांग

Update: 2025-11-28 11:34 GMT

नई दिल्ली। वित्तीय वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में वास्तविक जीडीपी के 8.2% बढ़ने का अनुमान है, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में ग्रोथ रेट 5.6% थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई–सितंबर तिमाही (दूसरी तिमाही) के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के तिमाही अनुमानों को जारी किया है। ये अनुमान स्थिर (2011-12) कीमतों और वर्तमान कीमतों दोनों आधारों पर, व्यय घटकों सहित प्रस्तुत किए गए हैं।

बेसिक प्राइसेज पर जीवीए के वर्ष-दर-वर्ष प्रतिशत परिवर्तन

साथ ही, एनएसओ ने वित्त वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए विभिन्न आर्थिक क्षेत्रों के सकल मूल्य संवर्धन (जीवीए) के तिमाही और छमाही (अप्रैल–सितंबर) अनुमानों को भी जारी किया है। इन आंकड़ों में बेसिक प्राइसेज पर जीवीए के वर्ष-दर-वर्ष प्रतिशत परिवर्तन और GDP के व्यय घटकों के अनुमान, स्थिर व वर्तमान दोनों कीमतों पर शामिल हैं। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में वास्तविक जीडीपी (स्थिर कीमतों पर) का अनुमान ₹48.63 लाख करोड़ लगाया गया है, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही के ₹44.94 लाख करोड़ के मुकाबले 8.2% की वृद्धि दर्शाता है।

8.7% की वृद्धि

नाममात्र जीडीपी (वर्तमान कीमतों पर) Q2 FY 2025-26 में ₹85.25 लाख करोड़ आंकी गई है जबकि Q2 FY 2024-25 में यह ₹78.40 लाख करोड़ थी, जिससे 8.7% की वृद्धि दर्ज हुई है। वहीं वास्तविक GVA (स्थिर कीमतों पर) Q2 FY 2025-26 में ₹44.77 लाख करोड़ अनुमानित है जबकि पिछले वर्ष की इसी तिमाही में यह ₹41.41 लाख करोड़ थी। इस प्रकार 8.1% की वृद्धि दर्ज की गई है। नाममात्र GVA (वर्तमान कीमतों पर) Q2 FY 2025-26 में ₹77.69 लाख करोड़ आंकी गई है, जो Q2 FY 2024-25 के ₹71.45 लाख करोड़ की तुलना में 8.7% की वृद्धि दर्शाती है।

8.8% की वृद्धि

वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल–सितंबर अवधि (H1 2025-26) में वास्तविक GDP (स्थिर कीमतों पर) का अनुमान ₹96.52 लाख करोड़ लगाया गया है, जो H1 2024-25 के ₹89.35 लाख करोड़ की तुलना में 8.0% की वृद्धि दर्शाता है। नाममात्र GDP (वर्तमान कीमतों पर) H1 2025-26 में ₹171.30 लाख करोड़ आंकी गई है, जबकि H1 2024-25 में यह ₹157.48 लाख करोड़ थी। इस आधार पर 8.8% की वृद्धि दर्ज की गई है। वास्तविक GVA (स्थिर कीमतों पर) H1 2025-26 में ₹89.41 लाख करोड़ अनुमानित है जबकि H1 2024-25 में यह ₹82.88 लाख करोड़ था। इस प्रकार 7.9% की वृद्धि हुई है। नाममात्र GVA (वर्तमान कीमतों पर) H1 2025-26 में ₹155.94 लाख करोड़ आंकी गई है, जो H1 2024-25 के ₹143.39 लाख करोड़ की तुलना में 8.8% की वृद्धि दर्शाती है।

Tags:    

Similar News