महाराष्ट्र विधानसभा को मिली बम से उड़ाने की धमकी! सर्च ऑपरेशन शुरू
इस समय महाराष्ट्र विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है, जिसके चलते परिसर में कई विधायक, मंत्री और VIP अधिकारी मौजूद हैं।
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा में इस समय बजट सत्र चल रहा है। ऐसे में मुंबई स्थित विधानभवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। विधान भवन कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल अकाउंट पर बम होने की चेतावनी दी गई, जिसके बाद से परिसर मे सर्च ऑपरेशन जारी है।
विधान भवन में मौजूद है कई विधायक, मंत्री और VIP अधिकारी
जानकारी के मुताबिक हलचल इसलिए भी तेज हो गई क्योंकि भवन में इस समय महाराष्ट्र विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है, जिसके चलते परिसर में कई विधायक, मंत्री और VIP अधिकारी मौजूद हैं। इसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है। विधान भवन में सभी एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए हैं। किसी को भी अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
बता दें कि जैसे ही धमकी मिली तो तुरंत पुलिस अलर्ट मोड़ में आ गई। एहतियात के तौर पर विधानभवन की इमारत को खाली कराया गया और कर्मचारियों व अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली।