National Workaholics Day: आप ऑफिस में कितने घंटे काम करते हैं? यह जान लेना जरूरी है अन्यथा... वैसे हफ्ते में इतने घंटे करें काम

40-48 घंटे प्रति सप्ताह काम करना एक संतुलित कार्य सप्ताह माना जाता है, जो उत्पादकता और व्यक्तिगत जीवन के लिए समय देता है।;

Update: 2025-07-05 08:59 GMT

नई दिल्ली। माना कि जीवन में काम करना बहुत जरूरी होता है। कई लोगों के साथ ऐसा होता है, वो चाहे या ना चाहे लेकिन उन्हें जरुरत से अधिक काम करना पड़ता है। बहुत से लोगों को वर्क प्रेशर की वजह से समय से अधिक काम करना पड़ता है। हालांकि कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिनको काम के अलावा कुछ और दिखाई नहीं देता है। जिसकी वजह से उनके सेहत पर असर पड़ता है। इसके साथ ही पारिवारिक रिश्तों पर भी असर देखने को मिलता है। वहीं ऐसे ही लोगों को वर्कहॉलिक कहते हैं। हालांकि काम से पैसा और रुतबा तो कमाया जा सकता है लेकिन इससे अच्छी सेहत नहीं मिल सकती है।

आधुनिक वर्कहॉलिज्म की नींव रखी

मानव इतिहास में वर्कहॉलिक होने की अवधारणा लंबे समय से है। वहीं नेशनल वर्कहॉलिक्स डे मनाने की शुरुआत को लेकर कोई आधिकारिक तथ्य नहीं हैं, लेकिन इसकी शुरुआत दौरान 16वीं शताब्दी के हुई थी। 16वीं शताब्दी में प्यूरिटन समुदाय ने काम को सामाजिक कर्तव्य और समृद्धि का स्रोत माना, जिसने आधुनिक वर्कहॉलिज्म की नींव रखी।'वर्कहॉलिक' शब्द का पहला प्रयोग 1947 में टोरंटो डेली स्टार में हुआ, लेकिन इसे 1968 में कॉमेडियन रॉडनी डेंजरफील्ड ने लोकप्रिय बनाया, जब उन्होंने अपने पिता के काम और शराब के प्रति रिश्ते को वर्णित किया।

स्वास्थ्य और रिश्तों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए

बता दें कि यह दिन उन लोगों को जागरूक और पहचान करने का अवसर देता है जो काम को सबसे ऊपर रखते हैं। यह एक तरह की लत है, जिसे सामाजिक रूप से स्वीकार किया जाता है, लेकिन यह जीवन को नुकसान पहुंचाती है। यह सिखाता है कि काम महत्वपूर्ण है, लेकिन स्वास्थ्य और रिश्तों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह दिन लोगों को काम और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाने के लिए प्रोत्साहित करता है।

सप्ताह में 40-48 घंटे से अधिक काम करने से बचें

भारत में फैक्ट्रीज एक्ट 1948 और शॉप्स एंड एस्टैब्लिशमेंट्स एक्ट के अनुसार, एक सामान्य कार्य सप्ताह में 48 घंटे ( प्रति दिन 9 घंटे और सप्ताह में एक दिन अवकाश) निर्धारित हैं। वैश्विक स्तर पर सामान्य कार्य सप्ताह को 40 घंटे (प्रति दिन 8 घंटे, 5 दिन) माना जाता है। लेकिन वर्कहॉलिक्स अक्सर 50-60 घंटे या इससे भी अधिक काम करते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। आदर्श कार्य घंटे व्यक्तिगत परिस्थितियों, नौकरी की प्रकृति और स्वास्थ्य पर निर्भर करते हैं। 40-48 घंटे प्रति सप्ताह काम करना एक संतुलित कार्य सप्ताह माना जाता है, जो उत्पादकता और व्यक्तिगत जीवन के लिए समय देता है। सप्ताह में 40-48 घंटे से अधिक काम करने से बचें।  

Tags:    

Similar News