शर्मनाक हार के बाद छलका पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा का दर्द! किस पर मढ़ दिया हार का दोष
नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ 61 रनों की शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने हार का मुख्य ठीकरा स्पिनरों के खराब प्रदर्शन और पावरप्ले में गिरते विकेटों पर फोड़ा है। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में 15 फरवरी, 2026 को खेले गए इस मुकाबले में भारत के 175 रनों के जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रनों पर ढेर हो गई।
सलमान अली आगा ने स्पिनर्स को बताया हार का जिम्मेदार
टीम इंडिया से टी20 विश्व कप 2026 में मिली 61 रनों की करारी हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि उन्हें इस मैच में अपने स्पिनर्स पर पूरा भरोसा था, लेकिन लगता है कि आज उनका दिन नहीं था। साथ ही कप्तान ने माना कि मैच के दौरान कुछ मौके ऐसे भी आए, जब टीम प्लान को एग्ज़िक्यूशन नहीं कर पाई। सलमान ने कहा कि टीम अपने स्पिनर्स पर भरोसा कर रही थी। पिछले छह महीने में उन्होंने बहुत अच्छा किया भी है।
बल्लेबाजी में पावरप्ले की विफलता
आगा ने कहा कि पावरप्ले के दौरान ही 3-4 विकेट खो देने के बाद मैच में वापसी करना बहुत मुश्किल हो गया था। उन्होंने बल्लेबाजों के लापरवाह दृष्टिकोण की भी आलोचना की। उन्होंने बताया कि पहली पारी में पिच थोड़ी टैकी थी और गेंद ग्रिप कर रही थी, लेकिन उनके गेंदबाज स्थिति के अनुसार गेंदबाजी करने में विफल रहे। उन्होंने स्वीकार किया कि भारत-पाकिस्तान जैसे बड़े मैचों में भावनाएं और दबाव बहुत अधिक होता है, जिससे निपटना उनकी टीम के लिए बड़ी चुनौती रहा।