आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में रूस ने दिया भारत का साथ, राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी से की बात, जानें क्या कहा
पुतिन ने कहा कि इस जघन्य हमले के दोषियों और उनके मददगारों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।;
नई दिल्ली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दुनिया के कई देशों ने भारत का साथ दिया है। वहीं भारत और पाकिस्तान के बीच तनातनी के बीच रूस राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी से फोन पर बात की है। इसके साथ ही उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़े होने की बात कही है।
भारत को पूरा समर्थन देने की बात कही
दरअसल, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज पीएम मोदी को फोन किया और पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। इसको लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया और भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। वहीं उन्होंने निर्दोष लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन देने की बात कही है।
दोषियों न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए
बता दें कि रणधीर जायसवाल ने आगे कहा कि पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि इस जघन्य हमले के दोषियों और उनके मददगारों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। वहीं दोनों नेताओं ने भारत-रूस विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। प्रधानमंत्री ने विजय दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति पुतिन को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही पीएम मोदी ने पुतिन इस साल के अंत में भारत में आयोजित होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया है।