उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी में नाराजगी! लिट्टी भोज के दौरान 3 विधायक रहे अनुपस्थित, क्या है कारण
पटना। उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) में आंतरिक कलह गहरा गई है। जानकारी के अनुसार, पटना में आयोजित एक 'लिट्टी भोज के दौरान पार्टी के 3 विधायक अनुपस्थित रहे। जिससे पार्टी में बड़ी टूट के संकेत मिल रहे हैं।
विधायकों की अनुपस्थिति
बता दें कि इसमें आलोक सिंह, माधव आंनद, रामेश्वर महतो मौजूद नहीं रहें। डिनर पार्टी में शामिल न होने वाले तीन विधायक दिल्ली में भाजपा नेता और मंत्री नितिन नबीन से भी मिले हैं, जिससे उनके भविष्य के राजनीतिक कदमों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
क्या है विवाद कारण
जानकारी के मुताबिक विवाद की मुख्य जड़ उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को बिहार कैबिनेट में पंचायती राज मंत्री बनाना है। नाराज विधायकों और नेताओं का मानना है कि जीते हुए विधायकों को दरकिनार कर परिवारवाद को बढ़ावा दिया गया है।
इस्तीफों का दौर
इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र नाथ और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुशवाहा सहित 7 वरिष्ठ नेताओं ने इस्तीफा दे दिया था। संकट को देखते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी की राज्य और जिला स्तर की सभी इकाइयों को भंग कर दिया है ताकि बगावत को नियंत्रित किया जा सके।